चीन की ओर से सीरिया को 120 बसों का तोहफ़ा
दमिश्क़ में चीन के राजदूत ने एक समारोह के दौरान सीरिया के पर्यावरण मंत्री हसन मख़लूफ़ को सीरियाई जनता के लिए 120 बसों का तोहफ़ा दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, सीरिया में चीन के राजदूत ने एक समारोह में इस बात की घोषणा की, कि चीनी सरकार की ओर से सीरियाई जनता को 120 बसों का उपहार है। चीन के राजदूत ने कहा कि बीजिंग की दमिश्क़ को दी जाने वाली मदद का यह बहुत छोटा सा भाग है। उन्होंने कहा कि चीन, सीरिया की विभिन्न क्षेत्रों में सहायता कर रहा है। चीनी राजदूत ने कहा कि हमारे द्वारा सीरिया की जनता की मदद करने का केवल एक ही उद्देश्य है और वह यह है कि, सीरिया की जनता अपने देश के निर्माण में भाग ले और अपने बेहतर और सुंदर भविष्य के निर्माण के लिए उसे प्रोत्साहन मिले।
इस बीच सीरिया के पर्यावरण मंत्री हसन मख़लूफ़ ने चीन की ओर से 120 बसों का उपहार मिलने पर चीनी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मौजूद सीरियाई जनता के शुभचिंतक लगातार हमारी सहायता कर रहे हैं और एक बार फिर सीरिया की लोगों को उनके देश लौटाने में अहम रोल निभा रहे हैं। सीरियाई मंत्री ने कहा कि हम ऐसे सभी देशों के आभारी हैं जो सीरिया के पुनर्निर्माण में इस देश की सरकार और जनता के कंधे से कंधा मिलाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले 7 वर्षों के दौरान अमेरिका और सऊदी अरब के समर्थित तकफ़ीरी आतंकवादियों ने सीरिया के मूलभूत ढांचे को पूरी तरह तबाह कर दिया है। इसी तरह सीरिया के पास इस समय हर चीज़ की कमी है जिसमें से एक आम परिवहन विभाग भी है। सीरिया में वर्ष 2011 में तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों के माध्यम से गृह युद्ध आरंभ कराया गया था, जिसका उद्देश्य पश्चिमी एशिया में शक्ति का संतुलन ज़ायोनी सरकार की ओर मोड़ना था, लेकिन सीरिया की सेना, जनता और सरकार ने अपने घटकों के साथ मिलकर विशेषकर इस्लामी गणतंत्र ईरान की सेना के सलाहकारों की मदद से आतंकवादियों की कमर तोड़ दी। सीरिया में बाक़ी बचे आतंकी गुट अब अपनी अंतिम सांसें ले रहे हैं। (RZ)