फिर मिली सीरिया में सामूहिक क़ब्र
सीरिया के अधिकारियों ने इस देश के रक़्क़ा प्रांत के दक्षिण में एक सामूहिक क़ब्र के मिलने की सूचना दी है।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी “साना” की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया के रक़्क़ा प्रांत के स्वास्थ्य विभाग ने सूचना दी है कि रक़्क़ा का दक्षिणी इलाक़ा, जो तकफ़ीरी आतंकवादियों के क़ब्ज़े में था, वहां से 200 अज्ञात लोगों की एक सामूहिक क़ब्र मिली है। रक़्क़ा प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक़, सामूहिक क़ब्र से जो शव बरामद हुए हैं उससे इस बात का अंदाज़ा होता है कि यह आम नागरिकों के शव हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रक़्क़ा प्रांत के "अलफ़ख़ीख़ा" नामक क्षेत्र में कुर्द बलों ने एक सामूहिक क़ब्र ढूंढी थी जिसके बारे में कहा जा रहा था कि उसमें 2500 से अधिक लोग दफ़न थे। अलफ़ख़ीख़ा नामक क्षेत्र में मिली क़ब्र दो भागों में थी। इस सामूहिक क़ब्र में जो लोग दफ़न थे उनकी सीरिया के आम नागरिकों के रूप में पहचान हुई थी। कुर्द बलों ने बताया था कि उसने रक़्क़ा नगर में मिली सामूहिक क़ब्र से 2500 शव निकाले थे। बताया जाता है कि मरने वालों में से अधिकांश का संबन्ध अमरीका के नेतृत्व वाले गठबंधन की बमबारी से था।
ज्ञात रहे कि कुर्द बलों ने एलान किया है कि अब तक रक़्क़ा प्रांत में मिलने वाली सामूहिक क़ब्रों से मिलने वाले शवों की संख्या 8 हज़ार से अधिक हो गई है, इनमें अधिकतर हताहत होने वाले वह लोग हैं जो अमरीका के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा सीरिया में की जाने वाली बमबारी में मारे गए हैं। (RZ)