यमन में न्यायोचित शांति की स्थापना के लिए तैयार हैंः अंसारुल्लाह
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i77283-यमन_में_न्यायोचित_शांति_की_स्थापना_के_लिए_तैयार_हैंः_अंसारुल्लाह
यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के प्रमुख ने एक बार फिर देश में न्यायसंगत शांति और सुलह की स्थापना के लिए अपनी तैयारी की घोषणा की है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Jul १७, २०१९ १२:२३ Asia/Kolkata
  • यमन में न्यायोचित शांति की स्थापना के लिए तैयार हैंः अंसारुल्लाह

यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह के प्रमुख ने एक बार फिर देश में न्यायसंगत शांति और सुलह की स्थापना के लिए अपनी तैयारी की घोषणा की है।

यमन के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत मार्टिन ग्रिफ़ित्स से वार्ता करते हुए अंसारुल्लाह के प्रमुख अब्दुल मलिक अलहूसी का कहना था कि उनका संगठन देश में न्यायसंगत शांति की स्थापना के लिए हर समय तैयार है।

उन्होंने यमन की त्यागपत्र दे चुकी सरकार की ओर से स्टॉक होम शांति समझौते के उल्लंघन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सऊदी गठबंधन की अत्याचारपूर्ण और अमानवीय कार्यवाहियों ने शांति के मार्ग को बंद कर रखा है।

अंसारुल्लाह के प्रमुख ने हमलावर देशों और उनके पालतू एजेन्टों को यमन में अशांति और संकट का मुख्य ज़िम्मेदार क़रार देते हुए कहा कि सनआ के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निरंतर बंद रहने से आम लोगों के लिए आर्थिक और मानवीय स्थिति कठिन हो गयी है।

ज्ञात रहे कि यमन के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत मार्टिन ग्रिफ़ित्स अलहुदैदा में संघर्ष विराम के नये समझौते के बारे में विचार विमर्श के लिए मंगलवार की शाम यमन की राजधानी सनआ पहुंचे हैं। (AK)