500 अमरीकी सैनिक सऊदी अरब में तैनात होने जा रहे हैं
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i77381-500_अमरीकी_सैनिक_सऊदी_अरब_में_तैनात_होने_जा_रहे_हैं
किंग सलमान ने 500 अमरीकी सैनिकों की सऊदी अरब में तैनाती को हरी झंडी दे दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २०, २०१९ ०८:४९ Asia/Kolkata
  •  500 अमरीकी सैनिक सऊदी अरब में तैनात होने जा रहे हैं

किंग सलमान ने 500 अमरीकी सैनिकों की सऊदी अरब में तैनाती को हरी झंडी दे दी है।

सऊदी शासक सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने सैकड़ों की संख्या में अमरीकी सैनिकों की इस देश में तैनाती को मंज़ूरी दी है। उन्होंने यह क़दम ऐसे समय उठाया है जब क्षेत्र में अमरीका-ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है।

सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, किंग सलमान ने "सऊदी अरब-अमरीका के बीच आपसी सहयोग के आधार" और वॉशिंग्टन की "क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने वाले उपाय को बेहतर करने की इच्छा के मद्देनज़र" यह मंज़ूरी दी है।

गुरुवार को सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, संभवतः लगभग 500 अमरीकी सैनिक राजधानी रियाज़ के पूरब में रेगिस्तानी इलाक़े में स्थित प्रिन्स सुल्तान हवाई छावनी भेजे जाएंगे।

अमरीकी सेना के 2 अधिकारियों ने सीएनएन को बताया कि इस वायु छावनी में पहले से कुछ अमरीकी सैनिक और सहायता करने वाले कर्मचारी मौजूद हैं। इस छावनी में अमरीका निर्मित पेट्रियट मीज़ाईल सिस्टम की तैनाती और रनवे की आरंभिक तय्यारी हो रही है और एयरफ़ील्ड को बेहतर करने का काम जारी है।

एक सैन्य सूत्र ने कहाः वॉशिंग्टन सऊदी अरब की इस छावनी से रडार को चकमा देने वाले, पांचवी पीढ़ी के एफ़-22 फ़ाइटर जेट और दूसरे प्रकार के फ़ाइटर जेट उड़ाएगा। (MAQ/N)