इराक़ी स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने बनाई वायु सेना
इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने एलान किया है कि उसने अपनी वायु सेना बना ली है।
समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, इराक़ी स्वयं सेवी बल के वरिष्ठ कमांडर एवं हश्दुश्शाबी के उप प्रमुख अबू मोहंदिस ने हश्दुश्शाबी द्वारा वायु सेना के बनाए जाने का एलान करते हुए, हश्दुश्शाबी वायु सेना के कमांडर के तौर पर सलाहुद्दीन हन्तूश के नाम की घोषणा की है। अबू मोहंदिस ने बताया कि, हश्दुश्शाबी की वायु सेना का गठन इराक़ के प्रधानमंत्री, जो इराक़ी सशस्त्र बलों के कमांडर एंड चीफ़ भी होते हैं उनके वर्ष 2014 के निर्देशों के अनुसार किया गया है।
हश्दुश्शाबी ने यह फ़ैसला ऐसी स्थिति में लिया है कि जब अभी हाल ही में उसके हथियारों के भंडार पर इस्राईली ड्रोन विमानों ने अमेरिका की मदद से हमला किया था। इस हमले में इराक़ के इस आधिकारिक सैन्य संगठन के हथियारों के भंडार में आग लग गई थी। ज़ायोनी शासन के इस हमले के बाद से ही इराक़ में यह मांग उठने लगी थी कि हश्दुश्शाबी की रक्षा शक्ति में वृद्धि की जाए ताकि वह हवाई हमलों का मुक़ाबला कर सके।
इस बीच इराक़ की राजनीतिक पार्टियों और इस देश की सुरक्षा पर नज़र रखने वाले विशेषज्ञों ने बग़दाद सरकार से मांग की है कि वह रूस और ईरान से आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम और उपकरणों को ख़रीदें। यह मांग ऐसी स्थिति में है कि जब अमेरिका, इराक़ के साथ एक रणनीतिक समझौते के तहत अपने दायित्वों को पूरा करने में विफल रहा। (RZ)