हमास के समर्थन में योरोपीय अदालत सामने आयी
योरोपीय अदालत द्वारा हमास और उसकी सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीम क़स्साम ब्रिगेड का नाम कथित आतंकवादी संगठनों की सूचि से हटाने के फ़ैसले का हमास ने स्वागत किया है।
संवाददाता के अनुसार, फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के प्रवक्ता हाज़िम क़ासिम ने शुक्रवार को योरोपीय अदालत के इस फ़ैसले को सार्थक क़दम बताते हुए उम्मीद जतायी कि हमास का नाम सभी अन्यायपूर्ण सूचियों से निकल जाएगा।
उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीन के अतिग्रहण के ख़िलाफ़ प्रतिरोध, क़ानूनी और अंतर्राष्ट्रीय क़ानून व कन्वेन्शन के मुताबिक़ है।
हमास के प्रवक्ता ने कहा कि हमास या दूसरे किसी भी फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी गुट को आतंकवादी गुट की सूचि में शामिल करना, अतिग्रहण के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के वैध संघर्ष के लिए पूरी तरह अन्यायपूर्ण क़दम था।
हाज़िम क़ासिम ने कहा कि हमास आज़ादी और एक स्वाधीन फ़िलिस्तीनी देश के गठन तक फ़िलिस्तीनी राष्ट्र की रक्षा करता रहेगा।
हमास के वकील ख़ालिद अश्शूली ने शुक्रवार को कहा कि लक्ज़म्बर्ग में योरोपीय संघ की अदालत ने हमास और क़स्साम ब्रिगेड का नाम आतंकवादी संगठनों की अंतर्राष्ट्रीय सूचि से निकालने का आदेश जारी किया है।(MAQ/N)