अंतर्राष्ट्रीय चेतावनी के बावजूद तुर्की ने किया उत्तरी सीरिया पर हमला
तुर्की ने सोमवार की शाम को उत्तरी सीरिया के सीमावर्ती प्रांत हस्का के तल्लुत तवील इलाक़े पर हमला किया।
सीरियाई टीवी चैनल के मुताबिक़, तुर्की की सेना ने सशस्त्र गुटों का दमन करने के बहाने तल्लुत तवील पर कई ओर से हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक़, इस हमले में तुर्क वायु सेना ने भी भाग लिया। रिपोर्ट मिलने तक तुर्की के हमले में संभावित जानी नुक़सान का कोई उल्लेख नहीं था।
इससे पहले योरोपीय संघ और रूस ने भी तुर्की के सीरिया के पूर्वोत्तरी भाग पर हमले के फ़ैसले का विरोध करते हुए अंकारा से सीरिया की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने की मांग की थी।
तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने सोमवार को कहा था कि कुर्दों के ख़िलाफ़ तुर्की की सैन्य कार्यवाही किसी भी वक़्त शुरु हो सकती है।
दूसरी तरफ़ तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने पूर्वोत्तरी सीरिया पर हमले को फ़ुरात के पूर्वी भाग पर हमले की पृष्ठिभूमि कहा है।
तुर्क रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में, क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए उत्तरी सीरिया में सेफ़ ज़ोन बनाने की वकालत की और कहा कि फ़ुरात के पूर्वी भाग में सैन्य कार्यवाही की पृष्टिभूमि के लिए यह हमला किया गया है।
दमिश्क़, सीरिया की भूमि पर तुर्की की सैन्य कार्यवाही को अतिग्रहणकारी कहते हुए इसकी बारंबार निंदा कर चुका है।(MAQ/N)