अमरीकी प्रतिबंध मध्यपूर्व में अस्थिरता का कारण बने हैंः चीन
चीन का कहना है कि अमरीकी प्रतिबंधों के कारण पश्चिमी एशिया में अस्थिरता बढ़ रही है।
संयुक्त राष्ट्रसंघ में चीन के स्थाई प्रतिनिधि ने कहा है कि ईरान और वेनेज़ोएला जैसे देशों के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों ने तेल बाज़ार पर नकारात्मक प्रभाव डाला है।
वांग कान का कहना था कि यह अमरीकी प्रतिबंध, कोरोना से उत्पन्न संकट को भी बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। चीन के स्थाई प्रतिनिधि वांग कान ने तेल निर्यात करने वाले देशों के संगठन ओपेक के सदस्य देशों के साथ आयोजित एक बैठक में कहा कि व्यापारिक बाधाएं उत्पन्न करके अमरीका, वैश्विक अर्थव्यवस्था को कमज़ोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की आर्थिक सहायता रोककर अमरीका, संसार में कोरोना के विस्तार में भी भूमिका निभा रहा है। चीनी प्रतिनिधि का कहना था कि चीन पर निराधार आरोप लगाकर अमरीका, कोरोना पर नियंत्रण करने में विफल रहने के कारण विश्व जनमत के ध्यान को दूसरी ओर मोड़ना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमरीकी प्रतिबंध मध्यपूर्व में अस्थिरता का कारण बने हैं।