यमनी सेना ने फिर सऊदी अरब के अंदर ड्रोन हमला किया
यमनी सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि दक्षिणी सऊदी अरब में हमलावरों के सैन्य ठिकानों पर व्यापक ड्रोन हमला किया गया है।
यहया सरी ने एक ट्वीट करके बताया है कि यमनी सेना के ड्रोन यूनिट ने शुक्रवार की दोपह को बड़ी संख्या में क़ासिफ़-2K ड्रोन विमानों से दक्षिणी सऊदी अरब के असीर प्रांत के ख़मीस मुशैत और नजरान क्षेत्रों पर व्यापक हमला किया है। उन्होंने यमनी सेना के कई ड्रोन विमानों को मार गिराए जाने के सऊदी गठजोड़ के दावे को रद्द करते हुए कहा कि इस कार्यवाही में यमनी सेना की ड्रोन इकाई ने नजरान हवाई अड्डे के कंट्रोल टावर और ख़मीस मुशैत में स्थित किंग ख़ालिद एयर बेस के शस्त्र डिपो व सैन्य विमानों के हैंगर को निशाना बनाया।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले हमलावर गठजोड़ के प्रवक्ता तुर्की अलमालेकी ने दावा किया है कि इस गठजोड़ ने शुक्रवार की सुबह को यमन के चार ड्रोनों को मार गिराया है। यह दावा उस स्थिति में है कि जब यमनी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि यमन की सेना के ड्रोनों ने शुक्रवार की दोपहर को कार्यवाही की है। दो हफ़्तों के दौरान सऊदी अरब पर यमन की यह दूसरी जवाबी कार्यवाही है। इससे पहले उसने सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ के अनेक अहम ठिकानों पर मीज़ाइलों व ड्रोनों से हमला किया था। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!