150 लोगों का नरसंहार करने वाला आतंकी "अबू ख़िताब" गिरफ़्तार
इराक़ के दियाला प्रांत की ख़ुफिया एवं सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख का कहना है कि सुरक्षा बलों ने एक ऐसे आतंकवादी को गिरफ़्तार किया गया है कि जिसने 150 निर्दोष लोगों का नरसंहार किया था।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इराक़ के दीयाला प्रांत की ख़ुफिया एवं सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख बताया है कि आतंकवादियों के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कार्यवाही के दौरान तकफ़ीरी आतंकवादी गुट का ख़ूंख़ार आतंकी अबू ख़िताब गिरफ़्तार कर लिया गया है। इराक़ी अधिकारी ने बताया कि, अबू ख़िताब ने दक्षिणी दियाला प्रांत के ख़ान बनी साद के बाज़ार में कार बम धमाका करके इस इलाक़े के 150 बेगुनाह लोगों का नरसंहार कर दिया था। गिरफ़्तार किए गए आतंकी अबू ख़िताब ने अपने अपराधों को स्वीकार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि इराक़ी सेना स्वयंसेवी बलों के साथ मिलकर पूरे इराक़ में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए हुए है। इस आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन में अब तक कई बड़ी कामयाबी इराक़ी सुरक्षा बलों के हाथ लग चुकी है। वर्ष 2018 में इराक़ में दाइश की पूर्ण पराजय का एलान किया गया था, लेकिन इसके बावजूद इराक़ के कुछ इलाक़ों में इस आतंकी गुट के आतंकवादी छिपे हुए हैं और समय-समय पर वे इस देश में आतंकी कार्यवाहियों को अंजाम देते रहते हैं। (RZ)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!