तुर्क राष्ट्रपति की ग्रीस को दर्दनाक परिणाम भुगतने की धमकी
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i90585-तुर्क_राष्ट्रपति_की_ग्रीस_को_दर्दनाक_परिणाम_भुगतने_की_धमकी
तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान ने ग्रीस को भूमध्य सागर के पूर्वी क्षेत्रों पर दावे को लेकर तुर्की से बातचीत करने या फिर "दर्दनाक" परिणामों के लिए तैयार रहने की धमकी दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०६, २०२० १४:४७ Asia/Kolkata
  • तुर्क राष्ट्रपति की ग्रीस को दर्दनाक परिणाम भुगतने की धमकी

तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान ने ग्रीस को भूमध्य सागर के पूर्वी क्षेत्रों पर दावे को लेकर तुर्की से बातचीत करने या फिर "दर्दनाक" परिणामों के लिए तैयार रहने की धमकी दी है।

इस्तांबुल स्थित एक अस्तपाल के उद्घाटन समारोह के दौरान, अर्दोगान ने कहाः या तो वे कूटनीति की भाषा समझें, या फिर युद्ध के मैदान में दर्दनाक परिणामों के लिए तैयार रहें।

तुर्क राष्ट्रपति ने ग्रीस को चेतावनी देते हुए कहा, तुर्की और तुर्क होने के रूप में हम हर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं।

ग़ौरतलब है कि तुर्की और ग्रीस दोनों ही नाटो के सदस्य हैं और दोनों के बीच पूर्वी भूमध्य सागर के तटीय इलाक़ों और वहां मौजूद ऊर्जा स्रोतों को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा है।

तुर्की विवादित क्षेत्रों में गैस की खोज कर रहा है। उसका एक खोजी जहाज़ लगातार भूमध्यसागर के पानियों में ऊर्जा की खोज कर रहा है, जिसे तुर्की की जल सेना सुरक्षा प्रदान कर रही है। हालिया दिनों में तुर्क युद्ध पोतों का ग्रीस और फ़्रांस के सैन्य जहाज़ों से आमना—ामना हो चुका है।

तुर्की और ग्रीस के बीच दुश्मनी का एक लम्बा इतिहास है। आधुनिक दौर में सन् 1974 में ग्रीक समर्थित सैन्य तख़्तापलट के जवाब में तुर्की ने साइप्रस पर सैन्य चढ़ाई कर दी थी।

तुर्क राष्ट्रपति का कहना था कि अंकारा ऊर्जा स्रोतों को लेकर किसी तरह का कोई समझौता नहीं करेगा।

तुर्की के ग्रीस और यूरोपीय देशों के साथ तनाव बढ़ने के दौरान, तुर्क सेना क्षेत्र में पांच दिवसीय युद्ध अभ्यास कर रही है।

इस बीच, नाटो का कहना है कि तुर्क और ग्रीक अधिकारी तकनीकी वार्ता में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं, ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।

हालांकि ग्रीक अधिकारियों का कहना है कि एथेंस वार्ता के लिए तैयार नहीं है, जिससे तुर्की के वह दावे सिद्ध हो रहे हैं, जिसमें उसने कहा था कि यूरोपीय देश, विवाद को वार्ता द्वारा सुलझाने के बजाए, आग में घी डालने का काम कर रहे हैं।

हाल ही में ग्रीस ने भूमध्य सागर में कई यूरोपीय देशों के साथ संयुक्त युद्ध अभ्यास किया था। msm