बाइडन की जीत से नेतनयाहू के अंजाम पर क्या असर होगा?
इस्राईल के सत्तारूढ़ गठजोड़ के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा है कि अगर अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में बाइडन जीतते हैं तो इससे नेतनयाहू के भविष्य पर तेज़ी से असर पड़ेगा।
ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू के नतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठजोड़ के इस वरिष्ठ सदस्य और सांसद ने अमरीकी समाचार एजेंसी मीडिया लाइन से बात करते हुए कहा है कि अगर अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बाइडन जीत गए तो इस्राईल में नए चुनाव कराने की प्रक्रिया तेज़ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रम्प के सत्ताकाल में नेतनयाहू ने वाइट हाउस के लिए हमेशा दरवाज़े खुले रखने की नीति अपना रखी है लेकिन बाइडन के राष्ट्रपति बनने पर शायद यह नीति जारी न रह पाए। इस्राईल के सत्तारूढ़ गठबंधन के इस सदस्य का कहना है कि शायद नेतनयाहू के लिए यह काम ज़्यादा आसान हो कि वे चुनाव कराएं और फिर मध्यमार्गी गठजोड़ के बजाए एक दक्षिणपंथी गठजोड़ के साथ बाइडन सरकार से समझौता करें।
टीकाकारों का कहना है कि अगर अमरीका में राष्ट्रपति का पद डेमोक्रेट्स के हाथ में आता है तो पश्चिमी तट में फ़िलिस्तीनियों के संबंध में मामले बदल जाएंगे और एक दक्षिणपंथी अतिवादी सरकार के साथ बाइडन के साथ समझौता करना नेतनयाहू के लिए अपेक्षाकृत आसान होगा। जहां अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के संबंध में असमंजस की स्थिति है, वहीं इस्राईल में ज़ायोनी भी बड़ी कठिन परिस्थिति में हैं। इस प्रकार से कि कुछ ज़ायोनी अधिकारी और ज़ायोनी काॅलोनियों में रहने वाले हालिया दिनों में अलख़लील शहर में एकत्रित हुए और उन्होंने चुनाव में डोनल्ड ट्रम्प की जीत के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की क्योंकि वे ट्रम्प को अपना अस्ली समर्थक और अरबों के साथ हालिया संबंध स्थापना का मुख्य सूत्रधार मानते हैं।
अलबत्ता ट्रम्प, फ़िलिस्तीन के वास्तविक निवासियों और इसी तरह क्षेत्र व संसार के लोगों विशेष कर मुसलमानों के लिए दुनिया में शांति व सुरक्षा के सबसे बड़े दुशमन रहे हैं। फ़िलिस्तीन प्रशासन ने भी कुछ दिन पहले कहा था कि वह जो बाइडन की चुनावी टीम के सीधे संपर्क में है। कुछ टीकाकारों का कहना है कि इस विषय के दृष्टिगत अमरीकी चुनाव में बाइडन की जीत, भविष्य में संभावित वार्ता के लिए फ़िलिस्तीनियों की आशाएं बढ़ा सकती है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए