यमन में सऊदी अरब के अपराध जारी
सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के जौफ़ प्रांत पर हमला करके दस लोगों की हत्या कर दी है।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले अतिक्रमणकारी गठजोड़ के युद्धक विमानों ने सोमवार की रात जौफ़ प्रांत के अलमत्ता क्षेत्र में एक घर पर बमबारी कर दी जिसके परिणाम स्वरूप दस निर्दोष नागरिक मारे गए। हमले में यह आवासीय मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया और तीन महिलाओं सहित दस आम नागरिक हताहत हो गए। इसी प्रकार सनआ के अन्नहज़ा क्षेत्र में एक जज के घर पर सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने हमला किया जिसके कारण जज समेत सात लोग हताहत और कई अन्य घायल हो गए। देश द्रोहियों और विदेशी पिट्ठुओं पर सनआ में उक्त जज की अदालत में मुक़द्दमा चलाया जा रहा था।
ज्ञात रहे कि यमन पर सऊदी अरब ने अपने कुछ पिट्ठू देशों के साथ मिल कर गत मार्च से हवाई हमले शुरू किए हैं जिनमें अब तक हज़ारों महिलाओं व बच्चों समेत आठ हज़ार से अधिक निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं। (HN)