मुंबई में भारी बारिश के बीच भूस्खलन, 20 हताहत, कई लापता
भारत की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई के चेंबूर इलाक़े के भरत नगर में कच्चे-पक्के मकानों के बीच मिट्टी धंसने से 20 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत के महाराष्ट्र राज्य की राजधानी मुंबई के चेंबूर में भारी बारिश के चलते एक दर्दनाक हादसा हुआ है। भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में 20 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। चेंबूर में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में कई घर समा गए। घर के मलबे में दबकर 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं विक्रोली में हुए भूस्खलन में चार लोगों ने मलबे में दबकर अपनी जान गंवाई है। दोनों ही हादसों में कई लोगों के घायल होने की भी आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि मौक़े पर बचाव और राहत कार्य अब भी जारी है। हादसे के बाद बचाव दल ने कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। भूस्खलन में हुई लोगों की मौत पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है, साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवज़े का भी ऐलान किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रोली और चेंबूर समेत मुंबई के लगभग सभी इलाक़ों में शनिवार देर रात और रविवार तड़के कई घंटों तक हुई बारिश के बाद भूस्खलन की घटना से सभी सहमे हुए हैं। शहर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को खुले में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि चेंबूर के भारत नगर इलाक़े से पंद्रह लोगों और विक्रोली के सूर्य नगर से नौ लोगों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों को चिकित्सा के लिए नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इन दोनों क्षेत्रों में अभी भी बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। (RZ)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए