शाह से कैप्टन की मुलाक़ात के बाद अटकलों का दौर शुरू
कांग्रेस पार्टी की अंदरुनी खींचतान के बीच बुधवार की शाम पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई दिल्ली में गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह से मुलाक़ात की है।
पंजाब में कांग्रेस के नेता नवजूद सिंह सिद्धू के खुले विरोध के चलते कैप्टन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था और उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से खुलकर अपनी नाराज़गी भी ज़ाहिर की थी।
हालांकि, उन्होंने मंगलवार को कहा था कि वह किसी से मुलाक़ात के लिए दिल्ली नहीं जा रहे हैं, लेकिन मीडिया में ऐसी अटकलें जारी थीं कि वह मोदी और शाह से मुलाक़ात करके जहां कांग्रेस नेतृत्व को कड़ा संदेश देना चाहते हैं, वहीं मोदी सरकार से किसानों के आंदोलन और विवादित कृषि क़ानूनों को रद्द करने का आग्रह करके पंजाब में बीजेपी के लिए ज़मीन खोजने का मार्ग प्रशस्त करना चाहते हैं।
अमित शाह से मुलाक़ात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करके बताया कि वह किसानों के आंदोलन को लेकर गृहमंत्री से मिले और कृषि क़ानूनों को रद्द करने की मांग की।
हालांकि कैप्टन के इस्तीफ़े से ख़ुश पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी मंगलवार को अचानक अपने पद से इस्तीफ़ा देकर कांग्रेस नेतृत्व को असमंजस में डाल दिया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की अमित शाह से मुलाक़ात के बाद अब कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे केंद्र सरकार और संयुक्त किसान मोर्चा के बीच मध्यस्थता से जोड़कर भी देखा जा रहा है। यहां यह सवाल भी पूछा जा रहा है कि कैप्टन यह काम पहले करेंगे या पहले बीजेपी का दामन थामेंगे? msm