किसानों के घर लौटने से अब चुनाव में मदद मिलेगीः बालियान
https://parstoday.ir/hi/news/india-i106942-किसानों_के_घर_लौटने_से_अब_चुनाव_में_मदद_मिलेगीः_बालियान
बीजेपी के केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किसान संघों की ओर से प्रदर्शन स्थगित करने का स्वागत किया है।  
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Dec ०९, २०२१ २३:३७ Asia/Kolkata
  • किसानों के घर लौटने से अब चुनाव में मदद मिलेगीः बालियान

बीजेपी के केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किसान संघों की ओर से प्रदर्शन स्थगित करने का स्वागत किया है।  

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जाट समुदाय के भाजपा नेता एवं केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान का कहना है कि खुशी की बात है कि किसान भाई संतुष्ट होकर घर लौट रहे हैं।  उन्होंने कहा कि इससे अब चुनावों में मदद मिलेगी।

बालियान ने कहा कि इस काम से पार्टी की स्थिति में सुधार आएगा।  उनका कहना था कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए क़दमों से संतुष्ट होकर किसान घर वापस लौट रहे हैं।

संजीव बालियान ने कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी को केन्द्र तथा राज्य दोनो स्थानों पर पार्टी के कामों को लेकर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए अपना एजेंडा तय करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अबतक गांव में लोग हमसे किसानों के आन्दोलन के बारे में पूछा करते थे।  अब हम अपने मुद्दों तथा केन्द्र और उत्तर प्रेदश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा किये गए काम के बारे में बात कर सकते हैं।

इस प्रश्न के जवाब में कि कृषि क़ानूनों को निरस्त करने का केन्द्र सरकार का फैसला क्या आगामी चुनावों को देखते हुए लिया गया है तो भाजपा नेता संजीव बालियान ने कहा कि राजनीतिक दल तो हमेशा ही चुनावों की चिंता करते हैं किंतु मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे किसान भाई संतुष्ट हो कर घर लौट रहे हैं।