दिल्ली की अदालत में सीनियर साइंटिस्ट ने किया था बम धमाका, पुलिस
https://parstoday.ir/hi/news/india-i107264-दिल्ली_की_अदालत_में_सीनियर_साइंटिस्ट_ने_किया_था_बम_धमाका_पुलिस
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुए बम धमाके के मामले में डीआरडीओ के एक वैज्ञानिक का नाम सामने आया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १९, २०२१ ०७:२२ Asia/Kolkata
  • दिल्ली की अदालत में सीनियर साइंटिस्ट ने किया था बम धमाका, पुलिस

दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुए बम धमाके के मामले में डीआरडीओ के एक वैज्ञानिक का नाम सामने आया है।

पुलिस का दावा है कि डीआरडीओ में सीनियर साइंटिस्ट भरत भूषण कटारिया ने पड़ोस में रहने वाले वकील को निशाना बनाने के लिए यह धमाका किया था।

यह ब्लास्ट 9 दिसम्बर को हुआ था। इस संबंध में दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने बताया कि स्पेशल सेल को केस ट्रांसफ़र किया गया था। कोर्ट की सुरक्षा का मामला था, इसलिए इसे गंभीरता से लिया गया।

अस्थाना ने बताया कि जांच के दौरान, क्राइम सीन से पता चला कि बम बनाने के लिए जिस मटीरियल का प्रयोग किया गया था, वह आसानी से उपलब्ध होने वाला मटीरियल था। आईईडी में केवल डेटोनेटर ही ब्लास्ट हुआ था, विस्फ़ोटक में ब्लास्ट नहीं हुआ था। अगर पूरा बम फटता तो बड़ा धमाका हो सकता था।

ब्लास्ट करने के लिए जिस रिमोट का इस्तेमाल किया गया था, वह एन्टी ऑटो थेफ्ट रिमोट था, जिसे गाड़ियों में इस्तेमाल किया जाता है। भरत भूषण कटारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने यह भी दावा किया कि उनके घर से बम बनाने का काफ़ी सामान बरामद किया गया है। कटारिया का पड़ोसी वकील अमित बक़्शी से झगड़ा चल रहा है, दोनों ने ही एक दूसरे के ख़िलाफ़ कई केस कर रखे हैं। इसलिए उसे मारने के लिए बम ब्लास्ट किया था। msm