यूपी में मिलेगा अमरीकी सड़को का मज़ाः गडकरी
भारत के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि पांच वर्षों के भीतर उत्तर प्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।
नितिन गडकरी का कहना है कि उत्तर प्रदेश की सड़को पर अब अमरीकी सड़कों का मज़ा मिलेगा।
हिंदुस्तान के अनुसार भारत के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को यूपी के लोगों से आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की दोबारा सरकार बनाने अपील की है। उनका कहना है कि अगले पांच साल के भीतर उत्तर प्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।
नितिन गडकरी ने यह बाद उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर नगर में एक उद्धाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। गडकरी ने कहा 'योगी जी को सपोर्ट करें, हमारी सरकार को चुनें, मैं राज्य में पांच लाख करोड़ रुपए का विकास कार्य लाऊंगा। मंत्रीजी का कहना था कि जब इस तरह के काम होंगे तो यूपा का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, अमेरिका जैसा हो जाएगा।
नितिन गडकरी ने कहा कि मैं आपको अपना वादा पूरा करने का आश्वासन देता हूं। गडकरी ने राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मेरा वचन, पत्थर की लकीर है। आने वाले पांच साल के अंदर उत्तर प्रदेश की सड़कें यूरोपियन स्टैंडर्ड की नहीं बल्कि अमेरिका की बराबरी करेंगी।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 1.40 लाख करोड़ रुपए के काम पूरे किये जा चुके हैं और 1.80 लाख हजार करोड़ के काम चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक का काम किया।
गडकरी ने कहा कि आप एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बना दें, आने वाले पांच साल में मैं पांच लाख करोड़ रुपये के काम उत्तर प्रदेश में करके दिखाऊंगा।
उन्होंने कहा कि मैं उन नेताओं में से नहीं हूं जो खोखला वादा करते हैं। मैं जो बोलूंगा डंके की चोट पर उसे करूंगा। गडकरी का कहना है कि पिछले सात साल में जो भी कहा उसे पूरा करके दिखाया है।