भारत में कोरोना की तीसरी लहर का भयावह रूप
भारत में बुधवार को कोरोना वायरस के लिहाज़ से भयावह दिन रहा। तीसरी लहर में पहली बार 24 घंटे के दौरान 2.45 लाख से ज़्यादा मामले सामने आए। 84,479 लोग ठीक हुए जबकि 379 लोगों की मौत हुई।
देश में एक्टिव मामलों की संख्या में 1 लाख 61 हज़ार 721 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फ़िलहाल देश में 11.11 लाख एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के दौरान देश में 14 दिन में ही पॉज़िटिविटी रेट 11 गुना बढ़ गया है। 30 दिसंबर को देश में 1.1% पॉज़िटिविटी रेट था, जो 12 जनवरी को 11.05% हो गया है। 8 राज्यों महाराष्ट्र, बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात का हाई पॉज़िटिविटी रेट परेशानी का सबब है।
हालांकि तेज़ी से नए मामले बढ़ने का यह ट्रेंड भारत में ही नहीं बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी है। दुनिया के 159 देशों में तेज़ी से नए केस बढ़े हैं, जिनमें यूरोप के 8 देशों में महज़ दो सप्ताह में ही दोगुने नए मामले सामने आए हैं।
इस बीच, नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने चेतावनी दी है कि ओमिक्रॉन को कुछ लोग कॉमन कोल्ड या फ़ीवर समझकर लापरवाही कर रहे हैं। यह ख़तरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसकी रफ्तार धीमी रखना हम सभी की ज़िम्मेदारी है, जिसके लिए मास्क पहनना और वैक्सीन लगवाना ही उपाय है। यह फ़ैक्ट सामने आ चुका है कि वैक्सीन आपको सुरक्षित रख रही हैं। msm