भागलपुर ज़िले में भीषण विस्‍फ़ोट, कम से कम 10 की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i110070-भागलपुर_ज़िले_में_भीषण_विस्_फ़ोट_कम_से_कम_10_की_मौत
बिहार के भागलपुर ज़िले में गुरुवार को देर रात गए हुए एक भीषण विस्‍फ़ोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०४, २०२२ ०७:४५ Asia/Kolkata
  • भागलपुर ज़िले में भीषण विस्‍फ़ोट, कम से कम 10 की मौत

बिहार के भागलपुर ज़िले में गुरुवार को देर रात गए हुए एक भीषण विस्‍फ़ोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है।

धमाका इतना ज़ोरदार था कि उसकी गूंज पूरे शहर में सुनी गई। घटना में कई मकान ध्‍वस्‍त हो गए हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार दर्जन भर लोग ज़ख्‍मी हुए हैं। जिस इलाके में यह हासदा हुआ, वहां की बिजली काट दी गई है।

जानकारी के अनुसार, तातारपुर थानाक्षेत्र के काजवलीचक स्थित नवीन आतिशबाज के घर गुरुवार की रात 11 बजकर 30 मिनट पर हुए भीषण धमाके में दो मंज़िला मकान के परख़चे उड़ गए। पूरा मकान ज़मींदोज़ हो गया।

अंतिम समाचार मिलने तक मकान के मलबे में कई लोगों के दबे होने की बात कही जा रही थी। धमाके की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि दो मंज़िला मकान के अलावा धमाके की ज़द में तीन और मकान आ गए।

विस्फोट की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता कि घटनास्थल से चार किलोमीटर की परिधि में आने वाले मकान में मौजूद लोगों ने भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए। घरों में कंपन महसूस करते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और भूकंप के बारे में जानकारी लेने लगे।

कुछ लोगों ने धमाके की आवाज़ को लेकर सिलिंडर विस्फ़ोट की भी बात पड़ोसियों से की लेकिन कुछ ही देर में स्थिति साफ़ हो गई।

इस बीच भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा होने लगे। जिन्हें नियंत्रित करने के लिए एसएसपी को स्वयं कमान संभालनी पड़ी।

घटना की जानकारी पर डीआइजी सुजीत कुमार, डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी बाबू राम भारी पुलिस बलों के साथ मौक़े पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। घटनास्थल को पुलिस बलों की धेराबंदी कराते हुए दो जेसीबी लगाकर मलबा साफ़ कराने और उसमें दबे लोगों को निकालने का काम शुरू कराया।

पुलिस ने पटाख़ा तैयार करने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे तातारपुर थाने में पूछताछ की जा रही है। धमाके का कारण, घर के निचले तल पर बम की तैयारी बताया जा रहा है। msm