पूर्व कप्तान के बुरे दिन, बन रहा है यह बुरा रिकार्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शतकीय पारी खेले हुए 2 साल से ज़्यादा का समय हो गया है।
आधुनिक क्रिकेट में दिग्गज बल्लेबाज़ों में शुमार कोहली पर लगभ 6 साल में पहली बार एक बड़े रिकॉर्ड को खोने का खतरा मंडरा रहा है। कोहली दुनिया के इकलौते बल्लेबाज़ हैं जिनका क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टेस्ट) में 50+ का औसत है लेकिन विराट की हालिया गिरते फॉर्म ने उनके इस टेस्ट क्रिकेट के रिकॉर्ड को ख़तरे में डाल दिया है।
33 वर्षीय विराट कोहली श्रीलंका के ख़िलाफ़ 12 मार्च से शुरू होने वाली सीरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच में यदि 42 या इससे कम का स्कोर बनाते हैं तो, लगभग 6 साल में पहली बार उनका टेस्ट औसत 50 से नीचे चला जाएगा। भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की सीरीज़ का दूसरा डे-नाइट टेस्ट मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मौजूदा समय में विराट का टेस्ट में औसत 50.35 है। विराट को टेस्ट में शतक लगाए 838 दिन हो गए हैं।
कोहली ने अपना आख़िरी शतक नवम्बर 2019 में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में डे नाइट टेस्ट में लगाया था। जब विराट ने अपना 70वां अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाया था उस समय उनका टेस्ट में बल्लेबाजी औसत 54.97 था। उसके बाद से कोहली के औसत में गिरावट आई है।
विराट ने करियर के 52वें टेस्ट में इंग्लैंड के ख़िलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 50 का औसत हासिल किया था। तब उन्होंने पहली पारी में 235 रन की पारी खेली थी। साल 2019 में दक्षिण अफ़्रीक़ा के खिलाफ पुणे टेस्ट मैच में 254 रन की पारी खेलकर कोहली ने करियर की बेस्ट बल्लेबाज़ी औसत 55.10 हासिल की थी लेकिन धीरे-धीरे विराट की औसत नीचे जा रही है। कोहली श्रीलंका के ख़िलाफ मोहाली टेस्ट की पहली पारी में 45 रन बनाकर आउट हुए थे।
विराट कोहली की टेस्ट में बल्लेबाजी औसत 50.35 की है जबकि वनडे अंतर्राष्ट्रीय मैचों में इस दिग्गज बल्लेबाज ने 58.07 की औसत से रन जुटाए हैं। उनकी टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 51.50 की औसत है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!