पांच राज्यों में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस का मंथन
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त का सामना करने के बाद नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक आयोजित हुई है। इससे पहले कांग्रेस के कई असंतुष्ट नेताओं ने पार्टी में सांगठनिक बदलाव की मांग की है।
सूत्रों का कहना है कि रविवार को आयोजित हुई इस बैठक में हार के कारणों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने उन ख़बरों का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि गांधी परिवार के सदस्य संगठनात्मक पदों से इस्तीफ़ा दे देंगे।
रविवार शाम शुरू हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के भी शामिल होने की ख़बर है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व और संगठनात्मक बदलाव के बारे में किए फ़ैसले लिए गए, अंतिम समाचार मिलने तक इसका ब्यौरा प्राप्त नहीं हो सका है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुनने के लिए संगठन चुनावों को तय समय से पहले कराया जा सकता है। सीडब्ल्यूसी की बैठक में इसको लेकर निर्णय हो सकता है। पहले यह चुनाव अगस्त-सितंबर में कराया जाना प्रस्तावित था। msm