इस्राईली प्रधानमंत्री भारत की यात्रा पर जायेंगे
भारत-इजराइल दोस्ती की 30वीं वर्षगांठ पर जायोनी प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट भारत जायेंगे।
पिछले साल जून में इस्राईल के प्रधानमंत्री बने बेनेट की यह पहली भारत यात्रा होगी। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच नवाचार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और साइबर तथा कृषि एवं जलवायु परिवर्तन के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है।
इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भारत-इजरायल संबंधों को परस्पर ‘सराहना और सार्थक सहयोग’पर आधारित बताते हुए कहा कि वह राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत की यात्रा करेंगे।
बेनेट ने कहा कि मैं अपने मित्र, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा को लेकर खुश हूं। उन्होंने कहा कि भारतीय और यहूदी संस्कृति के बीच संबंध गहरे हैं और वे अगाध सराहना एवं सार्थक सहयोग पर आधारित हैं।
नफ्ताली बेनेट ने कहा कि हम भारतीयों से कई चीजें सीख सकते हैं और यही हम करने का प्रयास करते हैं। साथ में हम नवाचार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और साइबर, कृषि और जलवायु परिवर्तन के अलावा अन्य क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करेंगे।
इजरायली प्रधानमंत्री के विदेश मीडिया सलाहकार ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शनिवार दो अप्रैल 2022 को भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे।
बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं की मुलाकात पिछले वर्ष अक्टूबर में ग्लासगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से इतर हुई थी, तब प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल के अपने समकक्ष बेनेट को भारत की आधिकारिक यात्रा के लिए आमंत्रित किया था।
ज्ञात रहे कि भारत ने इजराइल को 1950 में मान्यता दी थी पर उसने इस्राईल के साथ 1992 में पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित किया था। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए