भाजपा राज में जनता को रौंदने में लग गया बुलडोजरः अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता दल का जनता से ऐसा क्रूर व्यवहार अमानवीय है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना तंज किया कि भाजपा राज में बुलडोजर जनता को रौंदने में लग गया है और दिन-प्रतिदिन महंगाई की मार बढ़ रही है और सरकार संवेदनहीन होकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है।
सपा मुख्यालय से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में बुलडोजर जनता को रौंदने में लग गया है और दिन प्रतिदिन महंगाई बढ़ने से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता दल का जनता से ऐसा क्रूर व्यवहार अमानवीय है।
शुक्रवार को अखिलेश यादव ने बयान में कहा कि भाजपा राज में ऐसे अच्छे दिन आ रहे हैं कि लोग पुराने दिनों की वापसी के लिए तड़पने लगे हैं। यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की रोज बढ़ रही कीमतों से लोग परेशान हो रहे थे कि आज से टोल-टैक्स भी महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि राजमार्गों पर सफर में 10 से 15 फीसदी तक वृद्धि होने जा रही है और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मुफ्त सफर खत्म हो गया है।
उन्होंने महंगाई की चर्चा करते हुए कई उदाहरण दिये और कहा कि भाजपा ने अपनी नीति और नीयत से जाहिर कर दिया है कि उसे जनसरोकार नहीं, केवल अपनी तिजोरी भरने से मतलब है। सपा प्रमुख ने कहा कि डबल इंजन सरकार शायद इसी तरह प्रदेश में एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का सपना देख रही है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए