यूपी के बाद अब एमपी में मदरसों में राष्ट्रगान होगा अनिवार्य
भारत में राज्य उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्यप्रदेश में भी मदरसों में राष्ट्रगान गायन अनिवार्य किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उनके राज्य में भी इसी तरह के क़दम पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने राजधानी भोपाल में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया।
मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि देशभर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रगान का पाठ किया जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश के सभी मदरसों में पिछले 12 मई से राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन अनिवार्य कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड के रजिस्ट्रार ने 9 मई को सभी ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को इस आशय का आदेश जारी किया था।
पत्रकारों से बात करते हुए मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रगान हर जगह गाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि यह अच्छी बात है, यह एक राष्ट्रगान है और इसे हर जगह गाया जा सकता है।
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हम किसी को पाकिस्तान का राष्ट्रगान गाने के लिए नहीं कह रहे हैं, हम सिर्फ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और देश के कोने-कोने में स्थित शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हो रहा है और ऐसा फ़ैसला लिया गया है तो यह स्वागत योग्य कदम है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए