भारत को इस समय एक बड़े आन्दोलन की ज़रूरत हैः टिकैत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i113860-भारत_को_इस_समय_एक_बड़े_आन्दोलन_की_ज़रूरत_हैः_टिकैत
राकेश टिकैत ने भारत में अग्निपथ योजना के विरुद्ध जारी प्रदर्शन का समर्थन किया है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १७, २०२२ १३:३७ Asia/Kolkata
  • भारत को इस समय एक बड़े आन्दोलन की ज़रूरत हैः टिकैत

राकेश टिकैत ने भारत में अग्निपथ योजना के विरुद्ध जारी प्रदर्शन का समर्थन किया है। 

किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए उन प्रदर्शनकारियों के समर्थन की बात की है जो इसके खिलाफ पिछले तीन दिनों से सड़कों पर हैं।  उन्होंने इस सरकारी योजना की आलोचना करते हुए कहा कि भारत को इस समय एक बहुत बड़े आन्दोलन की ज़रूरत है।

राकेश टिकैत ने अग्निपथ योजना की निंदा करते हुए कहा कि अबतक देश के युवा सेना में कम से कम 15 वर्ष दे सकते थे और रिटायर होने के बाद उनके लिए पेंशन का भी प्रावधान था।  उन्होंने बताया कि नई योजना के अन्तर्गत अब सेना में नौकरी समाप्त होने के बाद पेंशन का कोई भी प्रावधान नहीं है।

राकेश टिकैत के अनुसार देश में नेता 90 वर्ष की आयु तक चुनाव लड़ते हैं और बाद में उनके लिए पेंशन का भी प्रबंध किया गया है किंतु अग्निपथ योजना के अनुसार अब देश के युवाओं को सेना में 4 वर्षों तक सेवा करने के बाद पेंशन से वंचित कर दिया जाएगा जो बिल्कुल ही ग़लत है।  टिकैत का कहना था कि हम एसा नहीं होने देंगे और सरकार की अग्निपथ योजना के विरुद्ध भारतीय किसान यूनियन आन्दोलन करेगी।

याद रहे कि भारत  की केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध बहुत तेज़ी से पूरे देश में फैलता जा रहा है।  बिहार से आरंभ होने वाला यह विरोध अब भारत से 12 से अधिक राज्यों में फैल चुका है।  अपने ट्विट के माध्यम से राकेश टिकैत कह चुके हैं कि सरकार की ग़लत नीतियों का परिणाम, किसान तो पहले से ही भुगत चुका है और अब एक अन्य ग़लत फ़ैसले का नतीजा देश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।  उन्होंने बताया कि सेना में जाने वाला भी किसान का ही बेटा होता है।

उल्लेखनीय है कि भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 14 जून को अग्निपथ योजना की घोषणा की थी।  केन्द्रीय सरकार की इस योजना के अन्तर्गत युवाओं को 4 साल के लिए सेना के किसी भी अंग में भर्ती किया जाएगा।  इसके लिए आयुसीमा साढ़े सत्रह वर्ष से लेकर इक्कीस साल तक निर्धारित की गई है।

इन युवाओं को पहले साल हर महीने 30 हज़ार रूपये वेतन के रूप में मिलेंगे।  यह वेतन प्रतिवर्ष बढ़ता रहेगा और चौथे साल यह बढ़कर 40 हज़ार प्रतिमाह हो जाएगा।  4 वर्षों के बाद सेना के इन जवानों को नौकरी की समाप्ति पर कोई पेंशन या ग्रेचुइटी नहीं मिलेगी।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए