मालदीव भारत का सच्चा दोस्त है और रहेगाः राष्ट्रपति इब्राहीम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिंद महासागर में देशों के बीच अपराध, आंतकवाद, ड्रग्स और तस्करी का खतरा गंभीर है इसलिए रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में भारत और मालदीव के बीच करीबी संपर्क और समन्वय पूरे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए अहम है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से मंगलवार को दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहित द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को गति देने के उद्देश्य से विस्तृत वार्ता की।
एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सोलिह सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत-मालदीव के रिश्तों में नया जोश आया है, महामारी के बाद हमारा रिश्ता व्यापक हुआ है, मैंने राष्ट्रपति सोलिह के साथ कई विषयों पर चर्चा की, महत्वपूर्ण वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों पर आदान-प्रदान किया।
इसी प्रकार भारत के प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत-मालदीव पार्टनरशिप न सिर्फ दोनों देशों के नागरिकों के हित में काम कर रही है, बल्कि क्षेत्र के लिए भी शांति, स्थिरता और समृद्धि का स्रोत बन रही है। मालदीव की किसी भी जरुरत या संकट में भारत first responder रहा है और आगे भी रहेगा।
इस मुलाकात में मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह ने कहा कि भारत के रिश्तों को मालदीव सबसे अधिक महत्व देता है, हमारे रिश्ते नई ऊंचाईयों पर पहुंच रहे हैं, प्रधानमंत्री मोदी और मैंने आतंकवाद के मुद्दे और समुद्री सुरक्षा को लेकर चर्चा की, हम आंतकवाद के खिलाफ सभी क्षेत्रों में मिल कर काम करने और आपसी रिश्ते मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता दोहराते हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना का असर दोनों देशों के लोगों और अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, कोरोना के दौरान भारत की तरफ से मालदीव को बहुत मदद की गई, मैंने इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से कई मुद्दों पर बात की, एक्ज़िम बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से मालदीव को वित्तीय मदद दी जा रही है, मालदीव भारत का सच्चा दोस्त है और रहेगा, मैं भारत की मदद के लिए धन्यवाद देता हूं।
मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के प्रमुख समुद्री पड़ोसियों में से एक है और पिछले कुछ वर्षों में रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्रों सहित समग्र द्विपक्षीय संबंधों में वृद्धि हुई है।
सोलिह के साथ बैठक के बाद सोमवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति और मालदीव की 'भारत पहले' नीति 'पूरक' हैं और वे विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाते हैं। mm
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!
फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें