ईरान को तेल का पैसा अदा करने में रुकावट आ रही है
https://parstoday.ir/hi/news/india-i11680-ईरान_को_तेल_का_पैसा_अदा_करने_में_रुकावट_आ_रही_है
भारतीय अधिकारियों का कहना है कि ईरान से ख़रीदे गए तेल के पैसों को अदा करने के मार्ग में रुकावटें आ रही हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May १७, २०१६ ०८:२७ Asia/Kolkata
  • ईरान को तेल का पैसा अदा करने में रुकावट आ रही है

भारतीय अधिकारियों का कहना है कि ईरान से ख़रीदे गए तेल के पैसों को अदा करने के मार्ग में रुकावटें आ रही हैं।

भारतीय सरकारी सूत्रों ने ‘द हिन्दु’ को बताया कि पाबंदियों के कारण यूरोपीय बैंक ईरान को भुगतान का पैसा ट्रांस्फ़र करने में हिचकिचा रहे हैं।  

सूत्र के अनुसार, पाबंदियों के कारण, भारतीय प्रधान मंत्री के अगले हफ़्ते ईरान के दौरे से पहले, सभी बक़ाया राशि को अदा करने की कोशिश के मार्ग में रुकावट खड़ी हो गयी है।

अधिकारी ने द हिन्दु को बताया, “हम इस हफ़्ते के दौरान समझौते को अंतिम रूप देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम प्रधान मंत्री के ऐतिहासिक दौरे से पहले ईरान की बक़ाया राशि के कम से कम कुछ हिस्से को ट्रांस्फ़र करना चाहते थे।”

भारत पर ईरान की बक़ाया राशि का अदा होना उन घोषणाओं में शामिल है जिसकी दोनों देश, भारतीय प्रधान मंत्री के पहले ईरान दौरे के दौरान घोषणा करने का इरादा रखते हैं। भारतीय प्रधान मंत्री 22-23 मई को तेहरान दौरे पर होंगे।

भारत सरकार अनेक बार यह कह चुकी है कि वह ईरान के 6.5 अरब डॉलर बक़ाया राशि को अदा करना चाहती है। इस राशि का बड़ा भाग तेल की ख़रीदारी से संबंधित है।

डेन्मार्क के डेन्स बैंक, जर्मनी के ईआईएच, इटली के केन्द्रीय बैंक और तुर्की के हाल बैंक को संबंधित लेन-देन को अंजाम देने का निर्देश दिया गया है।

भारतीय सरकारी सूत्र ने द हिन्दु को बताया कि सरकार, अमरीका को इस बात के लिए तय्यार करने की कोशिश कर रही है कि वह ब्रितानी बैंको को एक बार लेन-देन के तहत 6.5 अरब डॉलर ट्रांस्फ़र करने दे। (MAQ/N)