कर्नाटक चुनाव की तारीख़ों का एलान, बुर्ज़ुगों और दिव्यांगों को मिला तोहफ़ा
भारत के राज्य कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की निर्वाचन आयोग ने घोषणा कर दी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 10 मई को मतदान होगा, इसके बाद 13 मई को वोटों की गिनती के साथ चुनाव नतीजे साफ हो जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने साथ ही बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी होगी, नामांकन दाख़िल करने की आख़िरी तारीख़ 20 अप्रैल है, जिसके बाद 24 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। चुनाव आयोग के इस ऐलान के साथ ही कर्नाटक में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
कर्नाटक चुनाव में इस बार निर्वाचन आयोग बुर्जुग और दिव्यांग वोटरों के लिए एक नई और ख़ास सुविधा देने जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव में 80 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों और दिव्यांग वोटरों के लिए घर से वोट डालने की सुविधा उपलब्ध होगी।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि 224 निर्वाचन क्षेत्रों वाले राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 36 सीट और अनुसूचित जनजाति के लिए 15 सीट आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यहां 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 2.59 महिला मतदाता हैं जबकि वहीं 16 हज़ार 976 वोटर्स 100 साल से अधिक उम्र के है, जबकि 9.17 लाख वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे. इसके अलावा 80 साल से अधिक उम्र वाले 12.15 लाख वोटर्स हैं, जबकि 5.55 लाख दिव्यांग वोटर्स हैं।
ज्ञात रहे कि कर्नाटक में मुख्य रूप से 3 पार्टियों के बीच मुकाबला है। भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है और कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में, जबकि जनता दल (सेक्युलर) प्रदेश में तीसरी बड़ी राजनीतिक ताक़त है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए