बिहार, रामनवमी में दंगे, तनाव बना हुआ है
https://parstoday.ir/hi/news/india-i123086-बिहार_रामनवमी_में_दंगे_तनाव_बना_हुआ_है
बिहार में रामनवमी के एक दिन बाद भी तनाव बना हुआ है क्योंकि पहली अप्रैल को रोहतास और नालंदा ज़िलों में ताजा हिंसा की सूचना मिली थी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०२, २०२३ १५:२४ Asia/Kolkata
  • बिहार, रामनवमी में दंगे, तनाव बना हुआ है

बिहार में रामनवमी के एक दिन बाद भी तनाव बना हुआ है क्योंकि पहली अप्रैल को रोहतास और नालंदा ज़िलों में ताजा हिंसा की सूचना मिली थी।

पुलिस ने जानकारी दी है कि  नालंदा के बिहार शरीफ में शुक्रवार शाम दो समूहों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जबकि रोहतास जिले के सासाराम शहर में एक विस्फोट में छह लोग घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि धमाका सासाराम के एक घर में हुआ और उन्होंने घटनास्थल से एक दोपहिया वाहन बरामद किया है। एक अधिकारी ने कहा कि घायलों का सासाराम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और जांच जारी है।

पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नालंदा में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

शुक्रवार 31 मार्च को पहली बार दोनों ज़िलों में झड़प की सूचना मिली थी।

गुरुवार 30 मार्च से रामनवमी के जुलूस निकालने को लेकर तनाव बना हुआ था। शुक्रवार की दोपहर तक तनाव पूरी तरह से संघर्ष में बदल गया, दो समूहों ने एक-दूसरे पर पत्थरों से हमला भी किया।

राज्य में हिंसा के बाद गृह मंत्रालय ने बिहार में अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बल भेजने का फ़ैसला किया है।

पुलिस ने इन ख़बरों को भी खारिज कर दिया कि सासाराम के कुछ निवासी तनाव के बीच क्षेत्र छोड़कर जा रहे हैं। रोहतास पुलिस ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार और बेतुका बताते हुए लोगों से ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा ‘गड़बड़’ करने के कारण राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है।

नीतीश कुमार ने कहा कि सासाराम और बिहार शरीफ में रामनवमी उत्सव के दौरान सांप्रदायिक तनाव परेशान करने वाला है, इस तरह की घटनाएं इलाके में पहली बार हुई हैं, यह स्वाभाविक नहीं है।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शरारत करने वालों की पहचान करें और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

ज्ञात रहे कि बीते वर्षों की तरह ही इस वर्ष भी रामनवमी के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार 30 मार्च को हिंसा और झड़प की घटनाएं देखी गईं।

पुलिस ने बताया है कि देश भर में रामनवमी के जुलूसों के दौरान हिंसा और झड़प की घटनाओं में कम से कम 22 लोग घायल हो गए और 54 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करे