छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मियों पर नक्सलियों का बड़ा हमला, 10 सुरक्षाकर्मी हताहत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i123852-छत्तीसगढ़_में_सुरक्षाकर्मियों_पर_नक्सलियों_का_बड़ा_हमला_10_सुरक्षाकर्मी_हताहत
भारत के राज्य छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले में बुधवार को नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मी और एक चालक की मौत हो गई।
(last modified 2023-04-26T09:36:04+00:00 )
Apr २६, २०२३ १५:०४ Asia/Kolkata
  • छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मियों पर नक्सलियों का बड़ा हमला, 10 सुरक्षाकर्मी हताहत

भारत के राज्य छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले में बुधवार को नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मी और एक चालक की मौत हो गई।

गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों ने पूरी प्लानिंग से आईईडी बिछाई थी और जवानों को लेकर जा रहे वाहन का टायर सीधा आईईडी पर पड़ा जिस वजह से बड़ा धमाका हुआ।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुई जब राज्य पुलिस के ज़िला रिज़र्व गार्ड का एक दल नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहा था।

यह क्षेत्र राज्य की राजधानी रायपुर से लगभग 450 किलोमीटर दूर स्थित है। नक्सलियों ने माल ढुलाई वाली उस मिनी वैन को विस्फोट से उड़ा दिया जिसमें सुरक्षाकर्मी यात्रा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है, हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, उनके परिवारों के साथ दुःख में हम सब साझेदार हैं, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

बघेल ने कहा कि नक्सलवाद के ख़िलाफ लड़ाई अपने अंतिम चरण में है, नक्सलियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, हम समन्वित तरीक़े से काम करेंगे और नक्सलवाद को ख़त्म कर देंगे। 

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की और दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मियों के हताहत होने की घटना के बाद की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों के मुताबिक शाह ने स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को हरसंभव मदद देगी। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए