कर्नाटक चुनाव, छिटपुट हिंसा के बावजूद ज़बरदस्त मतदान
कर्नाटक में छिटपुट हिंसा के बीच विधानसभा की 224 सीटों के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक 65.58 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई।
सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस दोनों दलों के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं जबकि जेडीएस अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक में एक बार फिर किंगमेकर बनकर उभरेगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राज्य में मतदान के दौरान कम से कम तीन जगहों से हिंसक घटनाओं की सूचना मिली है।
केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता निर्मला सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपने घोषणापत्र में ‘बजरंग बली’का उल्लेख करके ‘बेवक़ूफ़ी का उदाहरण’ पेश किया है और इसका उसे ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा के पास लोगों को दिखाने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है और ऐसे में वह धन बल से विधानसभा चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान जनसभाओं में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चुप रहने का भी आरोप लगाया।
राज्य के रामनगरम् ज़िले में सबसे ज़्यादा 63.36 फ़ीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। इस ज़िले में कुल चार विधानसभा सीटे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को जारी मतदान के दौरान कम से कम तीन जगहों से हिंसक घटनाओं की सूचना मिली।
विजयपुरा ज़िले के बसवाना बागेवाड़ी तालुक के मसाबिनल गांव में, अधिकारियों द्वारा ईवीएम और वीवीपीएटी को ‘बदले’ जाने की अफवाह फैलने के बाद कई गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों, वीवीपैट मशीनों को नष्ट कर दिया और मतदान अधिकारियों के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
वहीं बेंगलुरू के पद्मनाभनगर विधानसभा क्षेत्र के पपीया गार्डन स्थित एक मतदान केंद्र पर लाठी डंडों से लैस कुछ युवकों ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर हमला कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस झड़प में मतदान के लिए कतार में खड़ी कुछ महिलाओं को चोटें आईं।
इसके अलावा बेल्लारी जिले के संजीवरायणकोट में कांग्रेस और भाजपा के कुछ कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए