कर्नाटक चुनाव में बीजेपी की करारी हार, कांग्रेस की शानदार जीत
भारत के इलेक्शन कमीशन के मुताबिक़, कर्नाटक के विधानसभा चुनावों के प्रारम्भिक नतीजों में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए बीजेपी को मात दे दी है।
शनिवार को मतगणना की शुरूआत से ही कांग्रेस ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पार्टियों बीजेपी और जेडीएस पर बढ़त बना रखी, जो आख़िर तक जारी रही।
शुरूआती रुझानों के मुताबिक़, कांग्रेस ने क़रीब 136 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं बीजेपी को 64 सीटें मिली हैं। जेडीएस सिर्फ़ 20 सीटें ही हासिल कर सकी है। 4 सीटें आज़ाद उम्मीदवारों के खाते में गई हैं।
चुनाव में पार्टी को शानदार बहुमत मिलने के बाद, कांग्रेस नेता राहुल गांधी मीडिया से मुख़ातिब हुए और उन्होंने कर्नाटक की जनता और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कर्नाटक में नफ़रत का बाज़ार बंद हुआ है और मोहब्बत की दुकानें खुल गई हैं। कर्नाटक ने दिखा दिया कि देश को मोहब्बत अच्छी लगती है।
वहीं बीजेपी के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पूरे नतीजे आने के बाद हम समीक्षा करेंगे और लोकसभा चुनाव में दमदार वापसी करेंगे।
कांग्रेस की जीत पर कांग्रेसी नेता जयराम रमेश का कहना था कि अब ये साफ़ हो गया है कि कांग्रेस जीत गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हार गए हैं।
वहीं बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा का कहना था कि जीत और हार बीजेपी के लिए नई बात नहीं है। इस नतीजे से पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान होने की ज़रूरत नहीं है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विटर पर अपनी राय ज़ाहिर करते हुए लिखाः कर्नाटक का संदेश यह है कि बीजेपी की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, अमीरोन्मुखी, महिला-युवा विरोधी, सामाजिक-बंटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का अंतकाल शुरू हो गया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कर्नाटक में मिल रही चुनावी सफलता के लिए कांग्रेस को बधाई दी है। msm