कनाडा में ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के प्रमुख की गोली मार कर हत्या
https://parstoday.ir/hi/news/india-i125574-कनाडा_में_ख़ालिस्तान_टाइगर_फ़ोर्स_के_प्रमुख_की_गोली_मार_कर_हत्या
भारत में सर्वाधिक वांछित सशस्त्र गुटों से एक, ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून रविवार की रात कनाडा के एक गुरुद्वारा परिसर में दो अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई।
(last modified 2023-06-20T06:13:59+00:00 )
Jun २०, २०२३ ११:३८ Asia/Kolkata
  • कनाडा में ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के प्रमुख की गोली मार कर हत्या

भारत में सर्वाधिक वांछित सशस्त्र गुटों से एक, ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून रविवार की रात कनाडा के एक गुरुद्वारा परिसर में दो अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, निज्जर को रात करीब साढ़े आठ बजे सरे स्थित गुरु नानक गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग में गोली मारी गई थी। वह इस गुरुद्वारे के अध्यक्ष थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो बंदूकधारी उन पर फायरिंग करने के बाद फ़रार हो गए।

भारत की केंद्र सरकार के अनुसार, जालंधर के भरसिंह पुरा गांव के रहने वाले 46 वर्षीय निज्जर सक्रिय रूप से ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के सदस्यों के संचालन, नेटवर्किंग, प्रशिक्षण और वित्तपोषण में शामिल थे।

वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा दर्ज एक मामले में भी आरोपी थे। प्रतिबंधित सिख्स फॉर जस्टिस के साथ निकटता से जुड़े निज्जर ने कनाडा के ब्रैम्पटन में खालिस्तान जनमत संग्रह के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस साल की शुरुआत एसएफ़जे के जनमत संग्रह अभियान के लिए ऑस्ट्रेलिया की यात्रा भी की थी।

पिछले साल जुलाई में एनआईए ने जालंधर में 2021 में एक हिंदु पुजारी पर हुए हमले के सिलसिले में उनकी गिरफ्तारी की सूचना पर 10 लाख रुपये के नक़द इनाम की घोषणा की थी।

जांच के दौरान यह पता चला कि निज्जर ने भड़काऊ बयान दिए थे, आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी और नफ़रत भरे भाषणों के माध्यम से ‘विद्रोह फैलाने’ के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे।

पिछले महीने पाकिस्तान में खालिस्तान कमांडो फोर्स के प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार की हत्या के बाद एक कनाडाई रेडियो चैनल से बात करते हुए निज्जर ने दावा किया था कि मेरे पास जानकारी है कि मेरे नाम के साथ एक सूची तैयार की गई है।

दल खालसा के कंवर पाल सिंह ने कहा कि निज्जर ने ख़ुद को गोली मारने से ठीक पहले गुरुद्वारे में भाषण दिया था। उस भाषण में उन्होंने कहा था कि कोई भी दिन उनका आखिरी दिन हो सकता है। वह पिछले कुछ समय से हर मंच पर यह बात कह रहे थे। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें