भारत दोहन करने वाली अर्थव्यवस्था नहीं" एस जयशंकर
भारतीय विदेशमंत्री एस जयशंकर ने चीन पर परोक्ष रूप से निशा साधते हुए कहा है कि भारत दोहन करने वाली अर्थव्यवस्था नहीं है।
अफ्रीकी देशों के दौरे पर जाने वाले भारतीय विदेशमंत्री ने कहा है कि भारत दोहन करने वाली अर्थव्यवस्था’ नहीं है और यह संसाधन-समृद्ध अफ्रीका महाद्वीप में संकीर्ण आर्थिक गतिविधियां नहीं कर रहा है।
भारतीय विदेशमंत्री ने गुरूवार को तंज़ानिया के दारुस्सलाम नगर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए यह बात कही।
अफ्रीका में चीनी मौजूदगी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हम यहां दोहन करने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में मौजूद नहीं हैं। हम यहां उस तरह से नहीं हैं जिस तरह बहुत से अन्य देश बहुत ही संकीर्ण आर्थिक उद्देश्यों के लिए यहां हैं। हमारे लिए यह एक व्यापक और गहरी साझेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया, भारत को एक योगदानकर्ता के रूप में देखती है। दुनिया भारत, भारतीय कंपनियों, भारतीय प्रौद्योगिकियों, भारतीय क्षमताओं को उनके लिए बेहतर जीवन बनाने में मदद करने वाले के रूप में देखती है।
भारतीय समुदाय के योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत और तंजानिया की मित्रता तंजानिया के नागरिकों के जीवन में बदलाव ला रही है। हमारी जल परियोजनाओं से 80 लाख लोगों को फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि तंजानिया प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में भारत का सबसे बड़ा अफ्रीकी भागीदार है।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि आज हम अफ्रीका और इसकी अर्थव्यवस्था को प्रगति करते देखना चाहते हैं। आज अफ्रीका के प्रति हमारा दृष्टिकोण अफ्रीका के साथ अधिक व्यापार करना, अफ्रीका में निवेश करना, अफ्रीका के साथ काम करना, अफ्रीका में क्षमता को बढ़ाना है जिससे अफ्रीका का भी उसी तरह विकास हो, जिस तरह भारत जैसे देश एशिया में बढ़ रहे हैं। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए