मध्य प्रदेश, अल्पसंख्यकों और दलितों पर हमले तेज़ हुए
मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले में एक आदिवासी व्यक्ति पर एक अन्य व्यक्ति द्वारा पेशाब करने का वीडियो सामने आने के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में युवकों के एक समूह को दो आदिवासी लड़कों पर बेरहमी से हमला करते और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है।
द हिंदु की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना इंदौर के राऊ इलाक़े में पिछले शुक्रवार 7 जुलाई को हुई। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण दो आदिवासी भाइयों की बाइक फिसल गई थी, जिससे पास के एक टाउनशिप के कुछ सुरक्षा गार्डों के साथ उनकी बहस हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके बाद सुरक्षाकर्मी दोनों को गार्ड रूम में ले गए और उनके साथ बेरहमी के साथ मारपीट की।
घटना से संबंधित कथित वीडियो में लड़के अलग-अलग लोगों से गुहार लगाते नज़र आ रहे हैं, जो उन्हें थप्पड़ मारते हैं, लकड़ी की रॉड से उन पर हमला करते हैं और उन्हें गालियां देते हुए भी सुना जा सकता है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो अन्य जयपाल सिंह बघेल और प्रेम परमार को भी हिरासत में लिया गया है।
विपक्षी कांग्रेस ने राज्य में आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार के लिए सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार सभी सीमाओं को लांघ गए हैं, आदिवासी समुदाय की पीड़ा को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है, सीधी की घटना के बाद जिस तरह से इंदौर के राऊ क्षेत्र में दो आदिवासी बच्चों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है, उसे देखकर रूह कांप जाती है।
यह घटना सीधी जिले में एक शख्स द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने का वीडियो वायरल होने और पूरे देश में हंगामा मचने के कुछ दिनों बाद हुआ, यह घटना बीते 26 जून को हुई थी।
इस बीच शुक्रवार 7 जुलाई को ग्वालियर के डबरा से एक और वीडियो सामने आया है, एक मुस्लिम युवक को बंधक बनाकर चलती गाड़ी में उसे चप्पलों और मुक्कों से पीटा जा रहा है और एक समूह के सदस्य के पैरों के तलवों को चाटने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
पीड़ित मोहसिन खान की पिटाई करते दिख रहे गोलू गुर्जर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, घटना बीते 30 जून की है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के ही शिवपुरी जिले में दो दलित पुरुषों को कथित तौर पर एक महिला से बात करने के बाद मानव मल का सेवन करने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए