भारत, कई राज्यों में भीषण बारिश, कई साल के रिकार्ड टूटे
भारत के कई राज्यों में इस समय भारी बारिश का दौर जारी है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर से बारिश के कारण लगातार लैंडस्लाइड की खबरें आ रही हैं। पूरे उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण शनिवार को लगभग 100 सड़कें, राज्य राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गए।
राज्य में बारिश के कारण जलभराव और यातायात जाम हो गया, पहाड़ी इलाकों में सड़कें अवरुद्ध हो गईं और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। क्षेत्रीय मौसम केंद्र उत्तराखंड के अनुसार, वर्तमान बारिश का दौर पांच दिन पहले शुरू हुआ था और 13 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है, 11 और 12 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
जम्मू में भी मॉननसून के सक्रिय होने से कई ज़िलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज जम्मू में भारी बारिश की संभावना जताई है जिसके चलते अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बाद उधमपुर में सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, इससे पहले, शनिवार को रामबन जिले में टनल 3 और 5 को जोड़ने वाली एक सड़क भूस्खलन के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पंजाब में बीते दो दिनों से हो रही बारिश ने भारी कहर मचाया है. राज्य के कई शहरों में जलभराव से लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़ में जुलाई माह में शनिवार से रविवार तक 24 घंटे की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिसने लगभग 23 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए