भारत, भीषण बारिश से दर्जनों की मौत, भारी तबाही
https://parstoday.ir/hi/news/india-i126186-भारत_भीषण_बारिश_से_दर्जनों_की_मौत_भारी_तबाही
पिछले कुछ दिनों में पूरे उत्तर भारत में लगातार बारिश के कारण मरने वालों की संख्या 41 हो गई है, भूस्खलन, बाढ़, जल-भराव और संबंधित आपदाओं ने क्षेत्र के राज्यों विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में क़हर बरपा कर रखा है।
(last modified 2023-07-11T06:13:12+00:00 )
Jul ११, २०२३ ११:३८ Asia/Kolkata
  • भारत, भीषण बारिश से दर्जनों की मौत, भारी तबाही

पिछले कुछ दिनों में पूरे उत्तर भारत में लगातार बारिश के कारण मरने वालों की संख्या 41 हो गई है, भूस्खलन, बाढ़, जल-भराव और संबंधित आपदाओं ने क्षेत्र के राज्यों विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में क़हर बरपा कर रखा है।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि पंजाब और हरियाणा में 9, राजस्थान में 7 और उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़ीं विभिन्न घटनाओं में 3 लोगों की मौत की सूचना है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में पिछले 48 घंटों में इसने 20 लोगों की जान ले ली है

दिल्ली में यमुना समेत उत्तर भारत की कई नदियां उफान पर हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तमाम सड़कें पूरी तरह जलमग्न होने के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

पीटीआई ने आगे बताया है कि भारी बारिश और बाढ़ से निपटने के लिए चार उत्तर भारतीय राज्यों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की कुल 39 टीमें तैनात की गई हैं, पंजाब में 14 टीमें काम कर रही हैं, एक दर्जन हिमाचल प्रदेश में, आठ उत्तराखंड में और पांच हरियाणा में तैनात हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारी बारिश और बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक और निजी संपत्ति का अनुमानित नुकसान पहले ही 4,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. नदियों के उफान के कारण नष्ट हो रहीं संरचनाओं की भयावह फुटेज सामने आई हैं।

इस बीच, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण अमरनाथ यात्रा लगातार चौथे दिन निलंबित रही. राष्ट्रीय राजमार्ग के रामबन खंड को व्यापक क्षति हुई, जिससे लगभग 15 हज़ार तीर्थयात्री जम्मू और अन्य स्थानों पर फंस गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और बिहार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक रूप से हल्की व मध्यम वर्षा होने की संभावना है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें