फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग टीमें दर असल बीजेपी की उकसाऊ कमेटियां हैं, बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि जब मणिपुर जल रहा था, तब बीजेपी की फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग टीम कहां थी? जब एनआरसी की वजह से असम जल रहा था, तब यह टीम कहां थी? कितने आयोग इन जगहों पर गए?
उन्होंने कहाः पिछले दो साल में क़रीब 154 टीमों ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया है। यह फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग टीमें नहीं बीजेपी उकसाऊ कमेटियां हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चुनाव में इतने लोग मारे गए हैं। मैंने पुलिस को जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि मारे गए 19 लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवज़ा और स्पेशल होम गार्ड की नौकरी दी जाएगी और इसमें पार्टी के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। मारे गए लोगों में 10 टीएमसी के कार्यकर्ता हैं।
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में हुई भारी हिंसा की जांच करने के लिए बीजेपी ने वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद की अगुवाई में एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी है।
इसके जवाब में टीएमसी ने मणिपुर में अपनी पार्टी की ओर से टीम भेजने का ऐलान किया था।
बुधवार को प्रसाद ने ममता बनर्जी पर लोकतंत्र को शर्मसार करने के आरोप लगाए और कहा कि इतनी भारी जीत के बाद भी प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी क्यों मीडिया के सामने जीत की ख़ुशी साझा नहीं कर पा रही हैं। msm