जयपुर में भूकंप, विस्फ़ोट जैसी आवाज़ सुनाई दी
राजस्थान की राजधानी जयपुर शुक्रवार की सुबह भूकंप से हिल गई। यहां सुबह 4 बजकर 9 मिनट से 4 बजकर 25 मिनट के बीच 3 झटके महसूस किए गए। फ़िलहाल भूकंप से किसी भी तरह के नुक़सान की ख़बर नहीं है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलोजी के अनुसार, भूकंप का पहला झटका 4:09 पर आया, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.4 थी। दूसरा झटका 4:22 पर आया, जिसकी तीव्रता 3.1 थी, वहीं तीसरा झटका 4:25 पर आया, जो 3.4 तीव्रता का था।
पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक़, अब तक इस भूकंप से किसी भी तरह के जानमाल के नुक़सान की सूचना नहीं मिली है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक के बाद एक भूकंप के झटके महसूस किए गए। विस्फ़ोट जैसी आवाज़ सुनाई दी। लोग डर की वजह से सुबह 4 बजे घरों और अपार्टमेंट्स से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
तीन बार झटके आने की वजह से लोग सहम गए और आसपास स्थित पार्क व खुले मैदानों में जाकर बैठ गए। वहीं कुछ लोग सड़क पर कुर्सी लगाकर स्थिति सामान्य होने का इंतज़ार करते रहे। msm