झारखंड में ताज़िया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, 4 लोगों की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i126702-झारखंड_में_ताज़िया_हाईटेंशन_लाइन_से_टकरा_गया_4_लोगों_की_मौत
झारखंड के बोकारो में शनिवार की सुबह मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ताज़िए के हाईटेंशन लाइन से टकराने की वजह से 13 लोग झुलस गए, जिसमें से 4 लोगों की मौत हो गई है।
(last modified 2023-07-29T02:23:34+00:00 )
Jul २९, २०२३ ०७:५० Asia/Kolkata
  • झारखंड में ताज़िया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, 4 लोगों की मौत

झारखंड के बोकारो में शनिवार की सुबह मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ताज़िए के हाईटेंशन लाइन से टकराने की वजह से 13 लोग झुलस गए, जिसमें से 4 लोगों की मौत हो गई है।

हादसे में 9 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ ही हालात गंभीर है।

भारतीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, बोकारो के बेरमो इलाक़े के खेतको में स्थानीय समय अनुसार, सुबह क़रीब 6 बजे यह घटना घटी। बताया जा रहा है कि जुलूस में शामिल ताज़िया 11,000 वोल्ट के तार से टकरा गया, जिससे जुलूस में रखी बैट्री में ब्लास्ट हो गया। इससे वहां मौजूद एक दर्जन से ज़्यादा लोग घायल हो गए।

गांव वाले इन्हें लेकर नज़दीक के अस्पताल गए, जहां 4 लोगों की मौत हो गई। बाक़ी घायलों को बोकारो जनरल अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है।

खेतको के मुखिया शब्बीर अंसारी ने बताया कि यह हादसा ऊपर दरगाह टोला में ताज़िया मिलन के दौरान हुआ। इस गांव में ताज़िया मिलन की पुरानी परंपरा रही है।

पेटरवार के बीडीओ शैलेंद्र चौरसिया ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए थे। इनमें से 4 की मौत हो गई है। सात लोगों का इलाज कराया जा रहा है और दो लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। msm