भारी बारिश और बाढ़ से मचा हाहाकार, 16 की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i126736-भारी_बारिश_और_बाढ़_से_मचा_हाहाकार_16_की_मौत
भारत के तेलंगाना में बाढ़ और भारी बारिश से हाहाकार मच गया है। वहां अब तक 16 लोगों की मौत की खबर है। इस बीच प्रशासन ने राहत और बचाव के कामों में तेजी लाई है।
(last modified 2023-07-30T01:04:55+00:00 )
Jul ३०, २०२३ ०५:४५ Asia/Kolkata
  • भारी बारिश और बाढ़ से मचा हाहाकार, 16 की मौत

भारत के तेलंगाना में बाढ़ और भारी बारिश से हाहाकार मच गया है। वहां अब तक 16 लोगों की मौत की खबर है। इस बीच प्रशासन ने राहत और बचाव के कामों में तेजी लाई है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश रुकने से शनिवार को राहत कार्य में तेजी आई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर तक प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक, बारिश से जुड़ी घटनाओं में 16 लोगों की जान चली गई है।

राज्य सरकार ने राहत शिविर स्थापित किए हैं और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में बचाव तथा पुनर्वास कार्य तेज कर दिया है। वारंगल में भद्रकाली टैंक में दरार आ गई और इसे भरने के प्रयास जारी हैं। भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर शनिवार शाम चार बजे 55.40 फुट था और वहां तीसरी और अंतिम चेतावनी लागू की गयी थी।

बाढ़ के मद्देजनर इस जिले के संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को वहां से निकालकर राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई जिलों में कृषि क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है। राज्य नगरपालिका प्रशासन और शहरी विकास मंत्री ने जलजनित बीमारियों को रोकने के उपायों, सुरक्षित पेयजल के प्रावधान, स्वच्छता प्रबंधन और राजमार्गों एवं अन्य मुख्य सड़कों का पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।

मंत्री ने अधिकारियों से मौजूदा स्थिति में राहत उपायों को एक चुनौती के रूप में लेने को कहा और उन्हें अधिक प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना में कमजोर पड़ रहा है और राज्य में छिटपुट बारिश हो रही है। इसमें कहा गया है कि निर्मल जिले के भैंसा में सबसे अधिक तीन सेमी बारिश हुई।

विभाग ने तेलंगाना में अगले सात दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक एक अगस्त को आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद और अन्य जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। mm

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें