ज्ञानवापी प्रबंधन ने सर्वेक्षण का मीडिया कवरेज रोकने की मांग कर दी
ज्ञानवापी प्रबंधन ने वाराणसी में एक अदालत में याचिका दायर करके मांग की है कि इसके सर्वेक्षण के मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध लगाया जाए।
इंडियन एक्सप्रेस की रपोर्ट के अनुसार वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद में यह निर्धारित करने के लिए सर्वेक्षण किया जा रहा है कि क्या 17वीं शताब्दी की मस्जिद का निर्माण हिंदू मंदिर की पहले से मौजूद संरचना पर किया गया था।
जुलाई में वाराणसी की एक अदालत ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को काशी विश्वनाथ मंदिर के बगल में स्थित ज्ञानवापी मस्जिद का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया था। इसे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था।
मस्जिद का सर्वे अदालती आदेश के बाद 4 अगस्त को शुरू हुआ था।
अंजुमने इंतजामिया मस्जिद कमेटी के संयुक्त सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में पुरातत्व सर्वेक्षण का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा किया कि सर्वे टीम या उसके किसी अधिकारी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं दिया गया है, लेकिन अखबारों, चैनलों और सोशल मीडिया पर लगातार भ्रामक खबरें चल रही हैं।
यासीन ने कहा कि इससे लोगों के दिमाग पर ‘ग़लत प्रभाव’ पड़ेगा और ऐसी खबरों को प्रकाशित होने से रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमने मंगलवार को जिला न्यायाधीश एके विश्वेशा की अदालत में एक आवेदन दिया है।
मस्जिद में चल रहे सर्वे के बीच पिछले रविवार को यासीन ने कहा था कि जिस तरह की बेबुनियाद बातें फैलाई जा रही हैं, अगर उन्हें नहीं रोका गया तो मुस्लिम पक्ष सर्वे का बहिष्कार कर सकता है।
यासीन ने आरोप लगाया था कि शनिवार को सर्वेक्षण के दौरान मीडिया के एक वर्ग ने अफवाह फैला दी कि मस्जिद के तहखाने में मूर्तियां, त्रिशूल और कलश पाए गए, जिससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुईं।
उन्होंने कहा था कि अगर ऐसी हरकतों पर लगाम नहीं लगाया गया तो मुस्लिम पक्ष सर्वे का बहिष्कार कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि बीते जून महीने में हिंदू संगठन ‘विश्व वैदिक सनातन संघ’ के प्रमुख जितेंद्र सिंह विसेन ने घोषणा की थी कि वे और उनका परिवार वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर से संबंधित सभी मामलों को वापस ले रहे हैं। उन्होंने इसके लिए ‘संसाधनों की कमी’ और विभिन्न तबकों द्वारा कथित ‘उत्पीड़न’ का हवाला दिया था। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए