मिज़ोरम, निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरा, 23 मज़दूरों की मौत
मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल के पास बुधवार को एक निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से कम से कम 23 श्रमिकों की मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे आइज़ोल शहर से करीब 19 किलोमीटर दूर सैरांग में हुई।
द टेलीग्राफ़ की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि आइज़ोल ज़िले में निर्माणाधीन रेलवे पुल पर मौजूद 26 श्रमिकों में से 23 लोगों की मौत हो गई है, हालांकि पुलिस ने केवल 18 शव ही बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि वहां काम करने वाले तीन लोग अस्पताल में हैं, उनका इलाज चल रहा है, जबकि पांच लापता हैं। सभी 26 लोग पश्चिम बंगाल के मालदा ज़िले के रहने वाले थे।
निर्माणाधीन पुल पर हुई घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जा रहा है, जो भैरवी-सैरांग नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत बनने वाले 130 पुलों में से एक है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘पांच मजदूर अब भी लापता हैं. लेकिन उनके जीवित होने की संभावना कम ही है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में कहा कि मजदूरों के शवों को राज्य लाने की व्यवस्था की जा रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, ‘यह जानकर दुख हुआ कि मिजोरम में एक दुखद पुल दुर्घटना के कारण लोगों की जान चली गई, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
मिज़ोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने कहा कि मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं, बचाव कार्यों में मदद के लिए बड़ी संख्या में सामने आए लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल साइट एक्स पर कहा गया कि मिज़ोरम में पुल दुर्घटना से दुख हुआ, उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है, प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि वह मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50 हज़ार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगा। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए