मुज़फ़्फ़रनगर घटना में मोहम्मद ज़ुबैर को बलि का बकरा बनाने की कोशिश
उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुज़फ़्फ़रनगर में एक मुस्लिम छात्र का वीडियो साझा करने के लिए फैक्ट-चेकर और ऑल्ट न्यूज़ के पत्रकार मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ एफ़आईआर दर्ज की है।
जुबैर ने भारतीय मीडिया को बताया कि उन्होंने वीडियो हटाते हुए ट्विटर पर अपने फॉलोवर्स को सूचित कर दिया था, बावजूद इसके उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर में जुबैर पर घटना का वीडियो ऑनलाइन साझा करके लड़के की पहचान उजागर करने का आरोप लगाया गया है।
जिस गांव में घटना हुई थी, वहां के निवासी विष्णुदत्त की शिकायत पर 28 अगस्त की सुबह मंसूरपुर थाने में एफ़आईआर दर्ज की गई थी।
जुबैर पर किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 74 के तहत आरोप लगाया गया था, जिसमें छह महीने तक की क़ैद की सजा हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को ज़ुबैर ने पीड़ित छात्र के पिता का एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें बताया गया था कि उन्होंने अन्य छात्रों द्वारा बेटे को मारने के लिए शिक्षक के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज न करने का फैसला किया है।
जुबैर के ट्वीट से न सिर्फ उस शख्स की बल्कि उसके नाबालिग बेटे की भी पहचान उजागर हो गई. हालांकि, कुछ घंटों बाद जुबैर ने वीडियो हटा दिया जब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने लोगों से वीडियो साझा न करने के लिए कहा और उन्हें चेतावनी दी कि लड़के की पहचान उजागर करना एक अपराध था।
ज़ुबैर का कहना है कि वे इस बात से हैरान हैं कि वीडियो को पत्रकारों और नेताओं सहित हजारों अन्य लोगों द्वारा व्यापक रूप से शेयर किया गया था, लेकिन उनके ट्वीट को हटाने के बावजूद पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करना चुना।
जुबैर ने बताया कि निजी तौर पर कहूं कि तो मुझे ऐसा लगता है कि यह प्रतिशोध की राजनीति है, जैसे ही एनसीपीसीआर ने लोगों से वीडियो साझा न करने के लिए कहा, मैंने वीडियो हटा दिया और ये बात अपनी टाइमलाइन पर भी बता दी, मेरे पहले और बाद में कई अन्य टीवी चैनलों और एंकरों ने यही वीडियो चलाया है।
मालूम हो कि सोशल मीडिया पर सामने आए इस घटना से संबंधित एक वीडियो में उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर के एक निजी स्कूल की शिक्षक तृप्ता त्यागी अपनी क्लास के बच्चों को एक-एक करके एक आठ वर्षीय मुस्लिम छात्र को थप्पड़ मारने का निर्देश देते नजर आ रही थीं। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए