नूंह सांप्रदायिक हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक गिरफ़्तार
नूंह सांप्रदायिक हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक मामन ख़ान को शुक्रवार 15 सितम्बर तड़के हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इससे एक दिन पहले राज्य सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को बताया था कि उसने 31 जुलाई को नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा से संबंधित एक मामले में दर्ज एफ़आईआर में उन्हें आरोपी के रूप में नामित किया गया है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, खान को हरियाणा पुलिस की एक एसआईटी ने गिरफ्तार किया। उन्हें शुक्रवार दिन में नूंह ज़िला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने गहन पूछताछ के लिए अदालत से उनकी हिरासत की मांग की।
मामन ने कहा है कि उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया जा रहा है क्योंकि जिस दिन हिंसा भड़की, उस दिन वह नूंह में थे ही नहीं।
फ़िरोज़पुर झिरका के विधायक खान ने गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग करते हुए पिछले मंगलवार 12 सितम्बर को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मामले की सुनवाई 19 अक्टूबर के लिए निर्धारित की गई है।
सरकार के अनुसार, एफ़आईआर में तौफ़ीक नामक एक आरोपी को बीते 9 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। तौफीक ने इस मामले में मामन खान को एक आरोपी के रूप में नामित किया था. इसके बाद तौफीक और मामन खान के मोबाइल फोन और टावर लोकेशन से कॉल डिटेल की जांच की गई और यह पाया गया कि 31 जुलाई को नूंह में हिंसा भड़कने से पहले 29 और 30 जुलाई को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए