गुजरात, दलित से राशन लेने को मना किया कलेक्टर ने
https://parstoday.ir/hi/news/india-i128460-गुजरात_दलित_से_राशन_लेने_को_मना_किया_कलेक्टर_ने
गुजरात के पाटन कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि ज़िले की सरस्वती तहसील के कानोसन गांव के सभी 436 राशन कार्ड धारक अब पड़ोसी गांव एडला से राशन खरीद सकते हैं और उन्हें उनके गांव में किसी दलित द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान से राशन नहीं खरीदना होगा।
(last modified 2023-09-22T08:46:06+00:00 )
Sep २२, २०२३ १४:१४ Asia/Kolkata
  • गुजरात, दलित से राशन लेने को मना किया कलेक्टर ने

गुजरात के पाटन कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि ज़िले की सरस्वती तहसील के कानोसन गांव के सभी 436 राशन कार्ड धारक अब पड़ोसी गांव एडला से राशन खरीद सकते हैं और उन्हें उनके गांव में किसी दलित द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान से राशन नहीं खरीदना होगा।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कलेक्टर अरविंद विजयन ने 12 सितम्बर के एक आदेश में कानोसन के 436 परिवारों के राशन कार्डों को एडला के एफ़पीएस में स्थानांतरित कर दिया है।

यह आदेश तब आया है जब ठाकोर समुदाय (गैर-दलित) के वर्चस्व वाले कानोसन गांव के अधिकांश राशन कार्ड धारकों ने करीब डेढ़ साल पहले दलित कांति परमार द्वारा संचालित एफ़पीएस से राशन खरीदना बंद कर दिया था।

कानोसन गुजरात के समरस गांवों में से एक है। राज्य सरकार की समरस योजना के तहत ग्रामीण अपने वार्ड सदस्यों और सरपंच को सर्वसम्मति से चुनते हैं और चुनाव में नहीं जाते हैं, ऐसे गांवों को राज्य की ओर से विशेष प्रोत्साहन मिलता है, समरस का दर्जा गांव में ‘सामाजिक सद्भाव’ होने का भी संकेत देता है।

कलेक्टर के आदेश से पहले ज़िला प्रशासन ने कानोसन के 268 निवासियों के बयान दर्ज किए, उनमें से 260 ने पड़ोसी गांव के एफपीएस से राशन खरीदने की इच्छा व्यक्त की, जबकि केवल आठ निवासियों ने कांति के एफ़पीएस से राशन लेने की बात कही।

आदेश में यह भी दर्ज किया गया कि सरस्वती तहसील के मामलातदार ने बीते मार्च में कानोसन निवासियों की एक बैठक आयोजित की थी, जिसमें लगभग 300 राशन कार्ड धारकों ने कांति के एफपीएस से राशन प्राप्त करने की अनिच्छा व्यक्त की और मांग की कि उन्हें दूसरे गांव से राशन खरीदने की अनुमति दी जाए।

पाटन डीएसओ डीएस निनामा ने कहा कि कलेक्टर ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आदेश पारित किया है। उन्होंने कहा कि कांति की दुकान का लाइसेंस रद्द करने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त मौका दिया जाएगा जबकि कांति ने अदालत जाने की बात कही है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करे