विपक्षी दलों की जासूसी से भड़का विपक्ष
https://parstoday.ir/hi/news/india-i129766-विपक्षी_दलों_की_जासूसी_से_भड़का_विपक्ष
विपक्षी दलों ने केन्द्र सरकार पर विपक्षी नेताओं की जासूसी का आरोप लगाया है।
(last modified 2023-11-01T09:56:45+00:00 )
Nov ०१, २०२३ १५:२५ Asia/Kolkata
  • विपक्षी दलों की जासूसी से भड़का विपक्ष

विपक्षी दलों ने केन्द्र सरकार पर विपक्षी नेताओं की जासूसी का आरोप लगाया है।

एक संवाददाता सम्मेलन में विपक्षी नेताओं और पत्रकारों ने कहा कि उन्हें एप्पल से एक अलर्ट मैसेज मिला है, जिसमें कहा गया है कि उनके आईफोन को सरकार-प्रायोजित हमलावरों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।

एप्पल की ओर विपक्ष के जिन नेताओं को चेतावनी संदेश भेजे गए हैं, उनमें से अधिकांश ‘इंडिया गठबंधन’ में शामिल हैं। इन नेताओं में मुख्य रूप से महुआ मोइत्रा, प्रियंका चतुर्वेदी, राघव चड्ढा, शशि थरूर, असदुद्दीन ओवैसी, सीताराम येचुरी, पवन खेड़ा, अखिलेश यादव, केसी वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, रेवंत रेड्डी, टीएस सिंहदेव, केटी रामा राव जैसे नेता शामिल हैं।

यह घटनाक्रम सामने आने के बाद विपक्ष के तमाम नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर जासूसी का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इस तरह के हमले विपक्ष को उसकी आवाज उठाने से नहीं रोक पाएंगे।

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल साइट एक्स पर कहा कि वह जल्द ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को पत्र लिखकर मामले की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों को बुलाने के लिए कहेंगी।

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ​सोशल साइट एक्स पर साझा किया है।

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पूछा कि क्या सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार नहीं होना चाहिए कि नागरिकों का डेटा ‘सुरक्षित है और उसके साथ समझौता नहीं किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी सरकार की एक ही रट – ‘अडानी बचाओ और लोकतंत्र मिटाओ!’ जासूस पार्टी ने पहले ‘पेगासस’ का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं व संस्थानों पर तांक-झांक की, अब दूसरे तंत्र से जासूसी चालू है! इंडिया गठबंधन अर्थात भारत ऐसी धमकियों ने नहीं डरेगा!

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सुना है सत्ताधारी अब विपक्षियों के फोन की जासूसी करवा रहे हैं. विपक्ष की बात सुनने से ज्यादा अच्छा तो ये है कि सत्ताधारी ‘जनता की आवाज’ सुन लें तो कम-से-कम उन्हें सुधार का कुछ मौका मिल जाए और फिर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, ध्वस्त कानून व स्वास्थ्य व्यवस्था, महिला अपराध, युवाओं के रोष; गरीबों, दलितों, वंचितों, किसानों, मजदूरों के शोषण; जातीय जनगणना व सामाजिक न्याय जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कुछ सकारात्मक काम हो सके।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि यह जासूसी तब हो रही है जब हम लोकसभा चुनाव से कुछ ही महीने दूर हैं, इसे विपक्ष पर व्यापक हमलों के तहत भी रखा जाना चाहिए, जो जांच एजेंसियों द्वारा लगातार दमन, राजनीति से प्रेरित आपराधिक मामलों और कारावास का सामना कर रहे हैं।

इस बीच आईटी मंत्री और भाजपा नेता अश्विनी वैष्णव ने दावा किया कि एप्पल की सूचनाएं ‘अस्पष्ट और गैर-विशिष्ट’ है और सवाल किया कि क्या एप्पल डिवाइस वास्तव में सुरक्षित हैं। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।