कई जगहों पर लगी भीषण आग
https://parstoday.ir/hi/news/india-i130150-कई_जगहों_पर_लगी_भीषण_आग
भारत में कल शाम को जहां बड़े हर्षोल्लास से दिवाली मनायी गयी वहीं गुजरात से लेकर चेन्नई और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भीषण आग लगने की सूचना है।
(last modified 2023-11-13T03:58:12+00:00 )
Nov १३, २०२३ ०९:२७ Asia/Kolkata
  • कई जगहों पर लगी भीषण आग

भारत में कल शाम को जहां बड़े हर्षोल्लास से दिवाली मनायी गयी वहीं गुजरात से लेकर चेन्नई और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भीषण आग लगने की सूचना है।

दिल्ली फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने जानकारी दी कि उन्हें दिवाली की शाम आग की घटनाओं से संबंधित कुल 100 सूचनाएं प्राप्त हुईं है। वहीं भारत के विभिन्न राज्यों में भी आग लगने की काफी घटनाएं देखने को मिली हैं।

गुजरात के नवसारी के बंदर रोड इलाके में एक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को काबू में किया। वहीं, अहमदाबाद में न्यू वासना स्वामीनारायण पार्क के खुले मैदान में भी आग लग गई। जिस कारण दमकल विभाग को मौके पर पहुंचना पड़ा।

ओडिशा के संबलपुर खेतराजपुर इलाके में एक बोरा गोदाम में आग लगने की घटना सामने आई है। इसके अलावा खेतराजपुर इलाके में एक इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लगी। आग को बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के सेठ श्रीलाल मार्केट में कपड़े की 2 दुकानों में आग लग गई।

महाराष्ट्र में पुणे शहर के शुक्रवार पेठ इलाके में एक गोदाम में आग लग गई। इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। दूसरी ओर मुंबई के कुर्ला के नेहरू नगर में अभ्युदय बैंक की इमारत में भी आग लग गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। इसके अलावा ठाणे जिले के भिवंडी शहर में आग लगने से चार दुकानें जलकर खाक हो गईं।

बेंगलुरु के राममूर्ति नगर के बानसवाड़ी में सुबह-सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं, हैदराबाद के शालीबंदा में एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। कुल छह दमकल गाड़ियां और 30 कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

चेन्नई के मायलापुर साईं बाबा मंदिर की छत पर रविवार की शाम आग लग गई। तीन फायर स्टेशनों के 20 से ज्यादा दमकलकर्मियों ने आग को बुझाया। चेन्नई पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्दिष्ट समय के बाद पटाखे फोड़ने से संबंधित 554 मामले समेत कुल 581 मामले दर्ज किए हैं। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।