भारतः राजस्थान के लिए भाजपा ने किया नए मुख्य मंत्री का एलान
भारत में भाजपा ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान के लिए भी नए मुख्य मंत्री का एलान किया है।
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई सरकार के सीएम पद के लिए भजनलाल शर्मा के नाम का एलान किया है।
भजनलाल शर्मा राजस्थान में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पार्टी के प्रदेश संगठन में महामंत्री हैं। भजन लाल शर्मा ने सांगानेर से चुनाव जीता है, वो पहली बार विधायक बने हैं। दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को भजनलाल शर्मा की कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री बनाया जा रहा है।
ये फ़ैसला केंद्र से पर्यवेक्षक के रूप में भेजे गए पार्टी के सीनियर नेता राजनाथ सिंह और नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में लिया गया।
इस पद के लिए बीजेपी में कई नेताओं के नामों पर चर्चा चल रही थी लेकिन पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देने के फ़ैसले को राजनीतिक हलकों में चौंकाने वाला बताया जा रहा है।
वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री पद के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सीपी जोशी, जयपुर राजघराने से जुड़ी दीया कुमारी, बाबा बालकनाथ, स्पीकर ओम बिड़ला, अर्जुन मेघवाल, राजेंद्र सिंह राठौड़ और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का नाम चर्चा में थे इसलिए भाजपा के निर्णय को चौंकाने वाला बताया जा रहा है।
राजस्थान की दो बार मुख्यमंत्री रह चुकीं वसुंधरा राजे सिंधिया के बारे में पहले से ही ये कहा जा रहा था कि वह पार्टी आलाकमान की पसंद नहीं हैं।
राजसमंद की सांसद दीया कुमारी भी वसुंधरा राजे की तरह राजपरिवार से आती हैं और उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी समेत पूरे बीजेपी आलाकमान का पसंदीदा माना जाता है, उन्हें नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्थान विधानसभा की 199 सीटों के लिए इस बार हुए चुनाव में बीजेपी को 115 सीटों पर जीत मिली हैं. यानी बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिला और कांग्रेस को 69 सीटों पर जीत मिली है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए